राजनांदगांव

आईजी ने जनोन्मुखी पुलिसिंग पर दिया जोर
08-Jul-2026 8:45 PM
आईजी ने जनोन्मुखी पुलिसिंग पर दिया जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जुलाई।
राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने मंगलवार को मोहला-मानपुर जिले में नवनिर्मित पुलिस को-आर्डिनेशन सेंटर मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बेसिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, नवाचारों को रेंजभर में लागू करने एवं जनोन्मुखी पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव ने 7 जुलाई को नव-निर्मित पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर मोहला में रेंज स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी वायपी सिंह, राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा, कबीरधाम एसपी धर्मेन्द्र सिंह, खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा, एएसपी  चिराग जैन, एएसपी आप्स देवचरण पटेल, एएसपी पीतांबर सिंह पटेल सहित मोहला-मानपुर जिले के राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आईजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन के पश्चात बेसिक पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार कर थाना स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। बैठक के दौरान रेंज के विभिन्न जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया गया। जिनकी पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सराहना करते आवश्यकतानुसार अन्य जिलों में भी लागू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आईजी ने प्रमुख सुझाव देते कहा कि लंबित अपराधों एवं शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, नक्सल उन्मूलन के पश्चात बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए,  शहरी क्षेत्रों में सिटी पुलिसिंग एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, नगरीय क्षेत्र के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी रेडियो कम्युनिकेशन पर सतत निगरानी रखें एवं आवश्यकता पडऩे पर त्वरित कार्रवाई करें।
सीएम हेल्पलाइन-1076 की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।  सभी विवेचकों एवं थाना स्टाफ  को प्रशिक्षण देकर जिला स्तर पर परीक्षा आयोजित की जाए। नक्सल पीडि़त परिवारों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। जनोन्मुखी, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देते प्रत्येक जिले के उत्कृष्ट नवाचारों को आवश्यकता अनुसार रेंज के अन्य जिलों में भी लागू किया जाए।
मोहला-मानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने जिले में विकसित ई-बीट सिस्टम का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। जिसकी पुलिस महानिरीक्षक एवं रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों ने सराहना की। आईजी ने इसे रेंज के सभी जिलों में लागू करने के निर्देश दिए। राजनांदगांव एसपी  अंकिता शर्मा ने पहल  अभियान युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग एवं रीडिंग रूम, कोटवार-पुलिस मित्र-गुड सेमेरिटन नेटवर्क, सरपंच एवं कोटवार सोशल मीडिया ग्रुप, कानून. व्यवस्था हेतु  रोस्टर सिस्टम तथा किशोर अपराधों की रोकथाम के लिए किशोर पंजी जैसी अभिनव पहलों की जानकारी प्रस्तुत की गई।

आईजी ने इन नवाचारों की सराहना करते अन्य जिलों में भी इन्हें लागू करने के निर्देश दिए। खैरागढ़ एसपी  लक्ष्य शर्मा ने भी नवाचारी पहलों की जानकारी दी गई। कबीरधाम एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पुलिस बैंकए पुलिस कैंटीन एवं प्ले स्कूल जैसी पुलिस कल्याणकारी योजनाओं तथा अपराध नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी गई।
बैठक के समापन पर आईजी बालाजी राव ने सभी जिलों द्वारा प्रस्तुत नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते बैठक के सफल आयोजन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह एवं जिला मोहला-मानपुर  की संपूर्ण टीम को शुभकामनाएं दी। बैठक के समापन उपरांत आईजी के मुख्य आतिथ्य में रक्षित केंद्र मोहला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


अन्य पोस्ट