राजनांदगांव

नेशनल हाईवे-चौराहों पर मवेशियों का डेरा
08-Jul-2026 4:42 PM
नेशनल हाईवे-चौराहों पर मवेशियों का डेरा

बरसात में बढ़ा हादसों खतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जुलाई।
नेशनल हाईवे और चौक-चौराहों में मवेशियों का कब्जा होने से आवाजाही खतरनाक हो गई है। मवेशी पालकों ने बरसात के मौसम में लावारिस हालत में बेजुबान जानवरों को छोड़ दिया है। ऐसे में मवेशी न सिर्फ शहर के अंदरूनी चौक-चौराहों, बल्कि नेशनल हाईवे में भी कब्जा जमाए हुए हैं। रात्रि और बरसात के मौसम में सफर करना जान जोखिम में डालने जैसी स्थिति बन गई है। शहर के कई इलाकों के चौराहों पर मवेशियों की बड़ी तादाद में मौजूदगी से बारिश के दौरान दुर्घटना होने का अंदेशा बढ़ गया है।
नेशनल हाईवे में भी मवेशी तेज रफ्तार में दौड़ रही वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। हाईवे में मवेशियों के मौजूद रहने से जरा सी असावधानी हादसे का कारण बन सकती है। इस बीच यातायात विभाग की ओर से आवाजाही को सामान्य करने की कोशिश नाकाफी साबित हो रही है। साथ ही  निगम प्रशासन की ओर से काउ कैचर स्टॉफ की कार्रवाई भी काफी सुस्त हो गई है। यही कारण है कि मवेशियों की धरपकड़ को लेकर पुख्ता अभियान शुरू नहीं किया गया है। जबकि हर साल बारिश में मवेशियों के चलते सडक़ हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है।
मवेशियों की देखरेख करने के बजाय मालिक सडक़ों में जानवरों को छोडक़र मुसाफिरों के लिए आफत की स्थिति पैदा कर रहे हैं।  शहर के नंदई, इंदिरा नगर, बसंतपुर के अलावा चिखली, आरके नगर, रामदरबार समेत बड़े चौक-चौराहों में मवेशियों का डेरा साफतौर पर नजर आ रहा है। नेशनल हाईवे में मवेशियों के कारण भारी वाहनों के लिए परेशानी खड़ी हो रही है। वहीं मवेशी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।

नेशनल हाईवे के डिवाईडर में मवेशियों का जमघट लगा हुआ है। वहीं सडक़ों में  भी मवेशी किसी भी वक्त चहल-कदमी कर आवाजाही को खतरनाक बना रहे हैं। राजनांदगांव शहर का ज्यादातर चौराहों में कमोबेश यही स्थिति है।   लोगों को सडक़ से गुजरने के दौरान मवेशियों से बचते हुए गुजरना पड़ रहा है। वहीं अचानक मवेशियों की आपसी लड़ाई से भी हादसे हो रहे हैं। ऐसे में नेशनल हाईवे से लेकर चौक-चौराहों में गुजरने के दौरान सावधानी नहीं रखने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट