राजनांदगांव
डीआरएम ने माना तकनीकी खामियां सही, सांसद ने रेल मंत्रालय को लिखा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जुलाई। राजनांदगांव-डोंगरगढ़ के बीच निर्माणाधीन रेल्वे ब्रिज की घटिया निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। रेल्वे डीआरएम ने भी निर्माण को लेकर गुणवत्ता की अनदेखी करने की बात मान ली है। दिलचस्प बात यह है कि बरगा के साथ-साथ आलीवारा और मुसरा में बने ओवरब्रिज में भी दरारें और अन्य निर्माण संबंधी कमियां सामने आई है।
इधर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने रेल्वे को पत्र लिखकर घटिया निर्माण पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग करते हुए मामले को जनहित को खतरे में डालने पर चिंता जाहिर की। राजनांदगांव और डोंगरगढ़ के बीच करीब 26 करोड़ से ज्यादा की राशि से ओवरब्रिज का निर्माण हुआ है। करीब 15 दिन पहले तीनों ब्रिज का लोकार्पण किया गया था। पहली बारिश में ही ब्रिज के धंसकने के चलते दरारें पड़ गई।
ब्रिज की हालत देखकर ग्रामीण इलाकों के लोग सडक़ पर उतर आए। ग्रामीणों ने रेल्वे अधिकारियों के भ्रष्ट रवैये के खिलाफ न सिर्फ आवाज उठाई है, बल्कि अधिकृत निर्माण कंपनी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इधर मामले के खुलासे के बाद डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने सोमवार को तीनों ब्रिज का मुआयना किया। पूरे निर्माण में उन्हें लापरवाही साफतौर पर सामने आई है। उनका कहना है कि निर्माण कंपनी के अलावा रेल्वे के दोषी अफसरों के खिलाफ जांच पश्चात कड़ी कार्रवाई निश्चिततौर पर होगी।
बताया जा रहा है कि निर्माण के दौरान कई तरह की आवश्यक तकनीकी विषयों को नजर अंदाज किया गया है। बताया जा रहा है कि मुम्बई की विजय इंफ्रा कंपनी ने तीनों ब्रिज का निर्माण किया है। कंपनी द्वारा तैयार किए गए ब्रिज में शुरूआत से ही ग्रामीणों को कई तरह की खामियां दिख रही थी, लेकिन रेल्वे का मामला होने की वजह से ग्रामीणों ने चुप्पी साध रखी थी, पर बारिश ने सभी खामियों को उजागर कर दिया।
गौरतलब है कि शक्ति योजना के तहत तीनों रेल्वे ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है। ब्रिज निर्माण में खुलेतौर पर भ्रष्टाचार की आशंका नजर आ रही है। इधर राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने रेल्वे मंत्री अश्वनी वैष्णव को पत्र लिखकर मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही दोषी फर्म पर भी दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। उधर डीआरएम के सामने कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने घटिया निर्माण, एजेंसी तथा प्रभारी इंजीनियर पर कार्रवाई करने का मुद्दा उठाया। रेल्वे की ओर से फिलहाल जांच के बाद कार्रवाई करने की बात डीआरएम ने सार्वजनिक रूप से कही है।
कलेक्टर ने जांच व कार्रवाई के लिए रेल्वे को भेजा पत्र
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा एवं आलीवारा स्थित रेल्वे ओवरब्रिज के कथित गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य संबंधी प्रकाशित समाचार को गंभीरता से लेते आवश्यक कार्रवाई के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को पत्र प्रेषित किया है।
कलेक्टर द्वारा प्रेषित पत्र में उल्लेख किया गया है कि मीडिया में ग्राम बरगा एवं आलीवारा स्थित रेल्वे ओवरब्रिज के गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य के संबंध में समाचार प्रकाशित हुआ है। कलेक्टर ने रेल्वे से कहा कि प्रकाशित शिकायत के संबंध में उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।