राजनांदगांव
महापौर-आयुक्त ने लिया पानी भरान क्षेत्रों का जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जुलाई। लगातार बारिश होने पर महापौर मधुसूदन यादव, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैंकी बग्गा पानी भरान क्षेत्र चिखली, इंदिरा नगर, नंदई, बसंतपुर अस्पताल, मोहारा, लखोली सहित शहर में भ्रमण किए एवं शहर के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्र के नाली-नालों की सफाई का निरीक्षण कर जेसीबी से नालों में फंसे कचरे निकलवा एवं पानी भरान क्षेत्र से कच्ची नाली खोदकर पानी निकासी करवाए। इसी प्रकार वार्डों में पार्षद तथा कार्यपालन अभियंता सहित तकनीकी अधिकारी एवं स्वास्थ्य अमला सुबह से अपने-अपने क्षेत्र में पानी निकासी के लिए लगे रहे। कलेक्टर जितेन्द्र यादव भी लगातार मानिटरिंग करते रहे।
महापौर श्री यादव एवं आयुक्त श्री विश्वकर्मा रविवार को अत्याधिक बारिश होने पर शहर के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्रों में पानी भरान की स्थिति का जायजा लिया और पानी भरे क्षेत्रों से जेसीबी के माध्यम से तथा निगम अमला से पानी निकासी कराया। ममता नगर अंडरब्रिज में पंप लगाकर पानी निकासी कराई गई। उन्होंने जीई रोड, बसंतपुर जिला अस्पताल, हाट बाजार, नंदई, इंदिरा नगर, राजीव नगर,आरके नगर, ममता नगर अंडरब्रिज, मोतीपुर, कौलाश नगर, लखोली, केशर नगर, चिखली के निचली एवं झुग्गी बस्ती के घरों के आसपास पानी भरने पर जेसीबी से कच्ची नाली खोदवाकर पानी निकासी कराया। वहीं नाली के उपर निर्माण व नाली में कचरा फंसने पर जेसीबी के माध्यम से नाले मेें फंसे कचरे को निकलवाकर सफाई कराया। उन्होंने कहा कि निचली बस्तियों में अल्प वर्षा में पानी भरान की स्थिति निर्मित हो जाती है। ऐसे क्षेत्रों में नियमित रूप से नाली-नालों की सफाई कराएं तथा शहर के बड़े नाला व नालियों की अच्छे तरीके से सफाई करें। जिससे पानी भरान की स्थिति निर्मित न हो।
महापौर ने बताया कि जिस प्रकार जिला चिकित्सालय को उपर उठाने से अंदर पानी भरने से छुटकारा मिला, इसी प्रकार शहर में चल रहे नाला निर्माण से आगामी वर्षों में इतनी परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में शासन स्वीकृति अनुसार नार कन्हैया नाला जो इंदिरा नगर, नंदई आदि क्षेत्रों से जाती है, उसके कच्चा भाग तथा सकरा भाग को तोडक़र नाला निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में लोहा बाड़ा क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण चलने से थोड़ी परेशानी हो रही है। इसी प्रकार गोकुल नगर की ओर जाने वाली नाले को भी बनाने प्रक्रिया चल रही है। इन सब नालों के बन जाने से आगामी वर्षो में पानी भरान की स्थिति से निजात मिलेगा।
आयुक्त ने तकनीकी अधिकारियों व स्वास्थ्य अमला से कहा कि निचली बस्ती, जल भरान क्षेत्र, एवं गढ्डो में पानी भरान वाले जगह से कच्ची नाली खोदकर पानी निकासी कराया जाए। सभी वार्डों में नियमित रूप से साफ -सफाई कर कचरा उठाया जाए। सफाई दरोगा एवं वार्ड प्रभारी अपने-अपने प्रभारित वार्ड में पानी भरान क्षेत्र को चिन्हांकित कर उच्च अधिकारी को अवगत कराएं। जिससे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने तकनीक अधिकारियों से भी कहा कि अपने अपने प्रभारित वार्ड में नियमित रूप से मानिटरिंग कर पानी भरान से निपटने कार्य करें। उन्होंने टांकाघर कंट्रोल रूम में जिनकी ड्यूटी लगी है, उन्हें भी तीनों पाली में उपस्थित रहने कहा। उन्होंने कहा कि पानी भरान क्षेत्र तथा बाढ़ की स्थिति से निपटने आवश्यक उपकरण व्यवस्था रखना सुनिश्चित करें और कहीं से भी शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी व अमला को अवगत कराएं।