राजनांदगांव
विकसित भारत-रोजगार गारंटी व आजीवका मिशन ग्रामीण का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 जुलाई। विकसित भारत-रोजगार गारंटी एवं आजीवका मिशन ग्रामीण के शुभारंभ अवसर पर गुरुवार वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपने विधानसभा निवास कार्यालय से तथा जिला पंचायत सभाकक्ष से सांसद संतोष पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े।
सांसद श्री पांडे ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास तथा गरीब परिवारों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत रोजगार के अवसरों का विस्तार किया गया है तथा जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, कृषि विकास, भूमि सुधार, ग्रामीण सडक़ निर्माण एवं सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि योजना में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 125 दिवस किए जाने से ग्रामीण मजदूरों को अतिरिक्त रोजगार मिलेगा तथा गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गरीब कल्याण और किसान हितैषी संकल्प को यह योजना और अधिक प्रभावी बनाएगी। उन्होंने योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ आजीविका, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा आधारभूत अधोसंरचना विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिवस का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिवस कर दिया गया है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि विकसित भारत-रोजगार गारंटी एवं आजीवका मिशन ग्रामीण योजना में रोजगार की अवधि 100 दिवस से बढ़ाकर 125 दिवस किए जाने से श्रमिक परिवारों को अतिरिक्त रोजगार और आय का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि योजना का दायरा बढ़ाते हुए जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्रामीण आवश्यकताओं पर आधारित निर्माण कार्यों तथा अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना का विशेष फोकस ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर है। जिले में एक लाख 30 हजार से अधिक महिला स्वसहायता समूह सदस्य सक्रिय हैं और उनकी भागीदारी से योजना के बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर प्रतिमा चंद्राकर, पूर्णिमा साहू, अनिता सिन्हा, मनोज निर्वाणी, गोपाल सिंह भुआर्य, बिरमबाई मंडावी, अंगेश्वर देशमुख, शीला सिन्हा, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, राजेश श्यामकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।