राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जुलाई। महापौर मधुसूदन यादव ने बुधवार को अपने कक्ष में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की उपस्थिति में विद्युत मंडल के अधिकारियों की बैठक लेकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में हो रही विद्युत अवरोध के संबंध में जानकारी लेकर वार्ड की विद्युत व्यवस्था तथा मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के संबध में चर्चा की।
महापौर ने अधिकारियों से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था के संबंध में चर्चा कर विद्युत प्रवाह में हो रहे अवरोध के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बसंतपुर क्षेत्र में गत दिनों विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। जिससे लोग आक्रोशित हुए तथा विद्युत मंडल के अधिकारियों द्वारा समय में उपस्थित नहीं होने, जल्द सुधार नहीं करने की भी शिकायत प्राप्त होती है, इस प्रकार की घटना न हो इसका विशेष ध्यान रखे और व्यवस्था दुरूस्त करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में भी आ रही विद्युत अवरोध के संबंध में जानकारी ली और बारिश को देखते व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
संविदा कर्मचारी हड़ताल में
कार्यपालन अभियंता शैलेन्द्र पांडे ने जानकादी दी कि खराब मौसम के कारण विद्युत अवरोध की घटना होती है। सभी क्षेत्रों में एक साथ अवरोध होने के कारण सुधार में परेशानी होती है, क्योंकि कर्मचारियों की कमी है, 20-22 फिटर में सीमित कर्मचारियों से काम लेना पड़ता है। कर्मचारी लगातार सेवानिवृत हो रहे हंै और भर्ती नहीं हो पा रही है। इसके अलावा संविदा कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। जिससे विद्युत गैंग की कमी हो रही है। इसी प्रकार पुराने लाईनों के कारण आंधी-तूफान में परेशानी आती है। एक साथ कई फीडर से कम्पलेन आता है, एक सुधार करने और दूसरे तक पहुंचने में समय लगता है। शासन से गैंग बढ़ाने प्रस्ताव भेजा गया है।
केबल व ट्रांसफार्मर करें दुरूस्त
महापौर ने कहा कि पुराने कनेक्शन चेंज करे, केबल एवं ट्रांसफार्मर आदि दुरूस्त करे, शासन स्तर पर लंबित प्रस्ताव की कापी उपलब्ध करावे, जिस पर बात की जा सके। इसके अलावा बारिश के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था दुरूस्त करें। उन्होंने शहर के कई क्षेत्रों में दिन में भी लाईट जलने की शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मुख्यमंत्री घोषणा के काम को प्राथमिकता देने तथा सुशासन तिहार में विद्युत संबंधी समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना के संबंध में चर्चा कर शहर में पोल सिप्टिंग, नए पोल लगाने, जर्जर पोल बदलने, ट्रांसफार्मर आदि कार्य प्रमुखता से करने निर्देशित किया। उन्होंने गणेश पर्व को ध्यान में रखकर झांकी निकलने वाली प्रमुख मार्गो के विद्युत व्यवस्था अभी से दुरूस्त करने कहा।