राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जुलाई। महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला राजनांदगांव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव, विशिष्ट अतिथि पार्षद आलोक श्रोती, वरिष्ठ पार्षद मणिभास्कर गुप्ता, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष तथा समिति के अन्य सदस्य सहित एसएमडीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप अवथनकर भी उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन संस्था के संकुल प्राचार्य पूर्णिमा शुक्ला ने किया और महापौर से शाला परिसर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी झांसी की रानी महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित करने का अनुरोध किया गया। मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, अनुशासित जीवन एवं परिश्रमी बनने तथा लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे प्रेरित किया। महापौर द्वारा विद्यालय को नाम के अनुरूप पहचान दिलवाने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति शाला परिसर के मुख्य द्वार पर स्थापित करने की घोषणा की गई तथा शाला से संबंधित अन्य आवश्यकताओं को पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
विशिष्ट अतिथियों द्वारा अपने अभिभाषण में बारी-बारी से शिक्षा के महत्व को बताया गया। वरिष्ठ पार्षद मणीभास्कर गुप्ता द्वारा छात्राओं में उत्साह और जोश का संचार किया गया। अतिथियों द्वारा प्राइमरी और मीडिल स्कूल भरकापारा, रेवाडीह, पेण्ड्री, कैलाशनगर, महारानी लक्ष्मीबाई पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों को अपने करकमलों से शाला गणवेश तथा पुस्तकें वितरित की गई तथा टीका लगाकर, मुंह मीठा कराकर उनका शाला प्रवेशोत्सव में स्वागत किया गया।
महापौर ने महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय आदर्श कन्या उ.म. शाला की कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साईकिल वितरण किया।
संकुल समन्वयक मिलन साहू के द्वारा व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. खिलेश्वरी साव द्वारा किया गया। आयोजन में संस्था के शिक्षकगण व कर्मचारियों का सहयोग एवं सहभागिता रही। आभार प्रदर्शन हुबलाल सुकतेल द्वारा किया गया।