राजनांदगांव

पुरानी रंजिश, चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार
30-Jun-2026 6:32 PM
पुरानी रंजिश, चाकू से वार, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 30 जून। गांव में ‘हीरोपंथी’ और ज्यादा बातें करने की बात तथा पुरानी रंजिश के चलते प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस द्वारा घंटेभर के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू जब्त किया।

मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर पुलिस को 28 जून को सूचना मिली कि ग्राम मोहड़ में दीपक चंद्राकर पर घनश्याम निषाद उर्फ  गुनगुन द्वारा धारदार चाकू से प्राणघातक हमला किया गया है। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में भर्ती कराया गया।  पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल दीपक चंद्राकर से पूछताछ की गई। उसने बताया कि घटना के समय वह अपने साथियों के साथ मोटर साइकिल से घर लौट रहा था। त्रिलोक ठेला के पास पहुंचने पर आरोपी घनश्याम निषाद ने रास्ता रोककर पुरानी रंजिश के चलते ‘आज-कल बहुत बातें करता है और गांव में ‘हीरोपंथी’ करता है कहते हुए अश्लील गाली-गलौज की तथा अपने पास रखे धारदार चाकू से हत्या की नीयत से उसके पेट एवं दाहिने हाथ पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाया।

 

रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 302/2026 अंतर्गत धारा 109 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू  के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट