राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जून। छुरिया इलाके के बापूटोला के रहने वाले 14 साल के बालक की तीन दिन पहले झूरानदी डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना तीन दिन पूर्व की है। मृतक बालक बापूटोला गांव का रहने वाला है। दोस्तों के साथ नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक तिलेश यादव (14 साल) बापूटोला के रहने वाले दोस्तों के साथ 26 जून की शाम को झूरानदी के डैम में नहाने चला गया। डैम का एक गेट खुला होने के कारण बालक ने गेट के सामने ही छलांग लगा दी। जिससे वह गहरे पानी में चला गया और काफी देर तक पानी से बाहर नहीं आया। दोस्तों ने अपने स्तर पर मृतक की खोजबीन की। इसके बाद गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि घटना की खबर के बाद ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बालक का शव एक किमी दूर गहरे पानी में मिला। गोताखोरों की सहायता से बालक के शव को बाहर निकाला गया। जांच उपरांत चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भारी मन से लोगों ने बालक की अंत्येष्ठि की।