राजनांदगांव
यह तस्वीर अविभाजित राजनांदगांव जिले के सबसे बड़े बैराज मोंगरा का है, जहां सूखे की मार साफतौर पर दिख रही है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 जून। जून महीना बीतने को है और मानसून का अब तक पता नहीं है। जिले में सूखा पडऩे की आशंका ने किसानों को फिक्रमंद कर दिया है।
मानसून की लेटलतीफी का असर खेती किसानी के काम पर पड़ा है। खेतों में किसानों की गैरमौजूदगी इस बात को जाहिर कर रही है कि खरीफ फसल संकट में दिख रहा है। जून महीने में पड़ रही भीषण गर्मी से किसान अपनी उपज को लेकर परेशानी में पड़ गए हैं। वहीं बोनी का काम भी पिछड़ा हुआ है। एक जानकारी के मुताबिक 45 से 50 फीसदी खेतों में ही बुआई का कार्य पूरा हुआ है। मूसलाधार बारिश के इंतजार में किसानों की आंखे पथरा गई है। इस बीच शुरूआत में ही मानसून ने झटका दिया है। मानसून की रफ्तार का कहीं अता-पता नहीं है और पूरी लय में बारिश नहीं होने से किसानों ने बोनी के काम को अधूरा रखा है। मिली जानकारी के मुताबिक इस वर्ष जून माह बीतने को है और मानसून कमजोर नजर आ रहा है। जिससे किसानों में चिंता बनी हुई है। वहीं जिले के खेतों से लेकर नदियां और बांध-बैराजों में भी पानी की कमी होने से जिले में सूखा पडऩे के आसार नजर आ रहे हैं। मानसून के कमजोर पडऩे से ग्रामीण इलाकों में तालाब सूखने लगे हैं। जिसके चलते निस्तारी की समस्या और मवेशियों के लिए तालाब व पोखर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इधर बारिश नहीं होने से हैंडपंपों की स्थिति भी दयनीय नजर आ रही है। जलस्तर गिरने से अधिकांश हैंडपंप बंद होने की कगार पर है।
मानसून के कमजोर पडऩे व पर्याप्त बारिश नहीं होने से नदियों, तालाबों और खेत सूखे नजर आ रहे हैं। नदियों में पानी की कमी के चलते शहरवासियों को पेयजल के संकट से जूझना पड़ सकता है। वहीं भीषण गर्मी के चलते तालाबों का पानी भी वाष्पीकरण होने से ग्रामीण व शहरी इलाकों के तालाबों में निस्तारी का संकट गहरा सकता है। इसी के साथ ही पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान भी चिंतत नजर आ रहे हैं। ऐसे में किसान बुआई का कार्य अधूरा छोड़ दिए हैं।
जिससे उनकी किसानी पिछड़ती नजर आ रही है। नदियों और जलाशयों में पानी की कमी मानसून की लेटलतीफी के चलते जिले की नदियां और जलाशयों व बांधों में वर्तमान में जलस्तर काफी नीचे चला गया है।
जिसके कारण नहरों से पानी छोडऩा संभव नजर नहीं आ रहा है। इधर किसान पूरी तरह से मानसूनी बारिश पर निर्भर है। मानसूनी सिस्टम के कमजोर पडऩे और अल-नीनो के आंशिक प्रभाव की खबरों ने ग्रामीण इलाकों में सूखे के डर को और गहरा कर दिया है।