राजनांदगांव

नांदगांव के कोचिंग सेंटर संचालकों ने की फायर सेफ्टी सुविधा की अनदेखी
26-Jun-2026 4:07 PM
नांदगांव के कोचिंग सेंटर संचालकों ने की फायर सेफ्टी सुविधा की अनदेखी

10 साल में सिलसिलेवार खुले कोचिंग सेंटर हो रहे बिना फायर सेफ्टी संचालित

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

राजनांदगांव, 26 जून। राजनांदगांव शहर के कोचिंग सेंटर संचालकों ने फायर सेफ्टी सुविधा को ताक में रखकर विद्यार्थियों को खतरे में डालने का काम किया है। यह खुलासा जिला सेनानी अरूण कुमार सिंह के निर्देश पर कोचिंग सेंटरों की जांच में सामने आया है।

 दिल्ली और लखनऊ के कोचिंग सेंटरों में भीषण आगजनी से हुए दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय कोचिंग सेंटरों की जांच पड़ताल के लिए पहुंची होमगार्ड की फायर सेफ्टी टीम को बड़ी खामियां मिली है। गौरतलब है कि राजनांदगांव में पिछले 10 साल में तीन दर्जन से ज्यादा कोचिंग सेंटर खुले हैं। संचालकों ने सुरक्षा मानकों को दरकिनार किया है। एक अनुमान के मुताबिक राजनांदगांव शहर में 35 से 36 कोचिंग सेंटर अलग-अलग रिहायशी और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में धडल्ले संचालित हो रहे हैं। कई संस्थानों में प्रवेश और निकासी के लिए उचित बंदोबस्त नहीं है। मसलन किसी भी आपातकालीन स्थिति में यही कमी एक बड़ा हादसे का रूप ले सकती है। 

कोचिंग सेंटरों की मौजूदा स्थिति का पता लगाने के लिए जिला सेनानी अधिकारी अरूण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने मुख्य कोचिंग सेंटरों का रूख किया। जिसमें सबसे बड़ी कमी फायर सेफ्टी की उचित व्यवस्था नहीं होना पाया गया। राजनांदगांव शहर के जयस्तंभ चौक के इर्द-गिर्द आधा दर्जन से ज्यादा कोचिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। इसी तरह बाहरी क्षेत्रों में भी धडल्ले से कोचिंग सेंटर खोल दिए गए हैं, लेकिन संचालकों ने विभिन्न क्षेत्रां में संचालित कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी की सुविधा को पुख्ता करने में रूचि नहीं ली।

बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटरों की स्थिति देखकर भी अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसी भी तरह के हादसे के दौरान विद्यार्थियों को जान बचाने के लिए सोंचना पड़ेगा। वजह यह है कि कोचिंग सेंटरों को तंग गलियों में चलाया जा रहा है। वहीं अंदर दाखिल होने और बाहर निकलने के लिए एक ही रास्ते का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह भी पता चला है कि कोचिंग सेंटर किराये पर संचालित हो रहे हैं। यानी मकान मालिकों ने भी कोचिंग सेंटर के हवाले करने से पहले कमरों में फायर सेफ्टी की सुविधा का बंदोबस्त करने पर ध्यान नहीं दिया है। शहर के ज्यादातर कोचिंग सेंटर किराये पर चल रहे हैं।

फायर सेफ्टी बढ़ते तापमान और अन्य मौसमी परिस्थतियों की वजह से एक आवश्यक व्यवस्था है। किसी भी कोचिंग सेंटर में अग्निशमक यंत्र की व्यवस्था को भी पूरी तरह से दरकिनार किया गया है। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने होमगार्ड को 50 से अधिक क्षमता वाले कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। राजनांदगांव शहर में कोचिंग सेंटर धडल्ले से खुले हैं। ऐसे में जांच के दौरान कई खामियां निकलकर सामने आई है।


अन्य पोस्ट