राजनांदगांव

री-नीट परीक्षा : तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में कतार में दिखे भविष्य के डॉक्टर
21-Jun-2026 6:59 PM
री-नीट परीक्षा : तीन घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में कतार में दिखे भविष्य के डॉक्टर

दोबारा परीक्षा को लेकर अब भी परीक्षार्थी दिखे मायूस, परिजनों ने जताई बेहतर परीक्षा की उम्मीद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 21 जून। देशभर में री-नीट की परीक्षा में शामिल होने के लिए रविवार को सैकड़ों परीक्षार्थी तीन घंटा पहले जांच के लिए कतार में खड़े नजर आए। वहीं दोबारा परीक्षा आयोजित होने को लेकर परीक्षार्थियों के मन में अब भी केंद्र और एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) को लेकर कई सवाल दिखे।

दोबारा परीक्षा देने के लिए पहुंचे परीक्षार्थियों को इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं होने की उम्मीद है। वहीं परिजन भी बच्चों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर चिंता जाहिर करते उम्मीद जताई कि बेहतर तैयारियों के बीच परीक्षा संपन्न होगा।  इस बीच कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में निर्धारित समय से 3 घंटा पहले परीक्षार्थियों को जांच से गुजरना पड़ा।

सुरक्षा जांच और सत्यापन की प्रक्रिया में काफी समय लिया गया, इसलिए अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्रों में जांच हेतु परीक्षा केंद्रों में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी कतार नजर आई। परीक्षार्थियों के साथ उनके परिजन केंद्रों तक पहुंचे। शहर में इस बार नीट परीक्षा के लिए कुल 6 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 1982 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने पंजीयन कराया था। प्रशासन ने शहर के भीतर यातायात और केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था  दुरूस्त करते पुलिस बल तैनात किया। साथ ही परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को उमस और गर्मी से राहत देने जनरेटर बैकअप रखा है। 

अभ्यर्थियों को कड़ी जांच से गुजरना पड़ा

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। परीक्षार्थियों को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाईस, कैलकुलेटर, वॉलेट, गहने और किसी भी तरह की धातु की चीजें ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया था।

ड़ेढ़ बजे बंद हुआ मुख्य द्वार

री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से 3 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक के बीच ही केंद्रों में रिपोर्ट करना अनिवार्य के निर्देेशित किया गया था। इधर दोपहर 1.30 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए।  जांच के दौरान परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड, मूल फोटो पहचान पत्र और दो पासपोर्ट साईज फोटो की जांच की गई।


अन्य पोस्ट