राजनांदगांव
मनगटा रिसोर्ट में हुई युवती की मौत के
मामले में साथियों से हो रही पूछताछ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जून। मनगटा के रिसोर्ट में भिलाई की मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला पेचीदा हो गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं की गई है। वहीं चिकित्सकों ने फारेंसिक जांच (एफएसएल)की सलाह देकर मामले को और उलझा दिया है। बहरहाल पुलिस युवती की मौत के मामले में साथियों से पूछताछ कर रही है। इस बीच युवती का भिलाई-3 में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सोमनी थाना क्षेत्र के मनगटा स्थित विसलिंग रिसोर्ट में 24 साल की मुस्कान तिवारी गुरुवार सुबह बाथरूम में अचेत हालत में मिली। इसके बाद उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में युवती का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम में बेसुध होकर गिरने के चलते चोट लगने की पुष्टि हुई, लेकिन मौत को लेकर ओपिनियन स्पष्ट नहीं हुआ।
पोस्टमार्टम में स्थिति साफ नहीं होने के बाद एफएसएल जांच के बाद मौत की असल वजह सामने आएगी। इस संबंध में सीएसपी एलेक्जेंडर किरो ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पीएम रिपोर्ट में मौत होने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। फारेंसिक जांच के बाद वस्तुस्थिति साफ होगी। इस बीच पुलिस ने युवती के साथ रिसोर्ट में ठहरे साथियों से भी कड़ी पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि युवती के दोस्त पुलिस हिरासत में है। पुलिस कई तरह के सवालों के घेरे में रखकर दोस्तों से मौत की वजह जानने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि युवती समेत साथी पहले रायपुर के एक क्लब में गए। देर शाम को सभी रिसोर्ट में आकर रूक गए और गुरुवार सुबह यह हादसा हो गया। पुलिस घटना को लेकर कई तरह के तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मुस्कान तिवारी की मौत होने की घटना को परिजन सोची-समझी साजिश करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। भिलाई-3 के सीएसईबी कालोनी में रहने वाले मुस्कान के परिवार के लोगों ने मौत के पीछे हत्या को एक वजह बताया है।
परिजनों के इस आरोप से मामला और गड़बड़ा गया है। पुलिस परिजनों के आरोपों के आधार पर भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात 10 बजे दोस्तों के साथ युवती घर से निकली थी और सुबह मनगटा के रिसोर्ट में वह मूच्र्छित मिली। बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।