राजनांदगांव

अंबागढ़ चौकी के एनीकट में दिखाई दिया मगरमच्छ
19-Jun-2026 6:35 PM
अंबागढ़ चौकी के एनीकट में दिखाई दिया मगरमच्छ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जून। मोहला-मानपुर जिले के अं. चौकी के शिवनाथ नदी के एनीकट में कथित रूप से एक मगरमच्छ देखे जाने की जानकारी सामने आ रही है। इस खबर के बाद अं. चौकी समेत नदी तट में बसे गांवों में हडक़ंप की स्थिति निर्मित हो गई है। डीएफओ दिनेश पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि एनीकट में मगरमच्छ देखे जाने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दी गई है। फिलहाल मगरमच्छ होने अथवा नहीं होने की स्थिति साफ नहीं है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर जिले के ग्राम पंचायत गौलीटोला के कुछ युवक नहाने  बिहरीखुर्द के शिवनाथ नदी तट पर गए हुए थे। अचानक नदी की धार में एक मगरमच्छ तैरते हुए देखा और अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। जिसकी सूचना प्रशासन तक पहुंची। शिवनाथ नदी में मगरमच्छ होने की खबर के बाद मोंगरा बैराज, अंबागढ़ चौकी के गौलीटोला, पीपरखार, बिहरीखुर्द, डोमघाट व नदी तट के गांवों में फारेस्ट विभाग द्वारा मुनादी कराते आम लोगों को सतर्क रहने हिदायत दिया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि इससे पहले भी 2018 में अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम झिटिया के एक किसान के खेत में भी मगरमच्छ को फारेस्ट विभाग ने रेस्क्यू कर चुका है। वहीं मोंगरा बैराज में मगरमच्छ होने की पहले भी पुष्टि हो चुकी है। वन विभाग द्वारा शिवनाथ नदी के तटीय गांवों में आम लोगों को सतर्क रहने मुनादी कराई जा रही है। साथ ही नदी में सीधे नहीं जाने समझाईश भी दी जा रही है।


अन्य पोस्ट