राजनांदगांव

केसीजी जिले में थानों व चौकियों में जवानों ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
19-Jun-2026 3:31 PM
केसीजी जिले में थानों व चौकियों में  जवानों ने ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जून। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर नए आपराधिक कानून/न्याय संहिता की थीम पर थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन केसीजी जिले में किया गया। केसीजी पुलिस टीम द्वारा जून माह के तृतीय गुरुवार को थाना दिवस का आयेाजन किया गया। साथ ही आमजन की समस्याओं का निराकरण और डायल-112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।  मिली जानकारी के अनुसार केसीजी जिला पुलिस टीम द्वारा खैरागढ़ जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश  जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में 18 जून को जिले के विभिन्न थाना व चौकी क्षेत्रों में थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

एसपी लक्ष्य शर्मा की उपस्थिति में  छुईखदान में थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थानों में आमंत्रित जनप्रतिनिधियों व आमजनों की समस्याओं, शिकायतों व सुझावों पर चर्चा के लिए प्रोत्साहित किया गया।  नवीन कानून संहिता की विस्तृत चर्चा करते नवीन कानून की महत्ता पर विशेष बल दिया गया। साथ ही बताया गया कि नवीन कानून लागू हो जाने के बाद आम नागरिकों में कानून के प्रति और अधिक विश्वास और कम समय में निराकरण जैसे अच्छे कदम को सराहा जा रहा है। कार्यक्रम के अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग थानों में उपस्थित होकर समस्याओं के निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इसी क्रम में एएसपी नितेश गौतम द्वारा द्वारा थाना साल्हेवारा एवं बकरकट्टा में, मुख्यालय उप पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्रा द्वारा थाना गातापार, ठेलकाडीह एवं ओपी जालबांधा में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ आशारानी द्वारा थाना गंडई में, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस गंडई मानकराम कश्यप द्वारा थाना मोहगांव में उपस्थित होकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान साइबर फ्रॉड, नवीन आपराधिक कानून, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत ग्रामों एवं वार्डों में साइबर जागरूकता एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

आवारा मवेशियों के कारण हो रही सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पुलिस स्टाफ  के साथ-साथ नागरिकों को भी मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की समझाइश दी गई। आमजन को यह भी बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त संदिग्ध कॉल एवं साइबर ठगी के प्रयासों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने हेतु भी जागरूक किया गया। किसी भी प्रकार की आपातकालीन सहायता हेतु डायल 112 सेवा के माध्यम से त्वरित मदद उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई।


अन्य पोस्ट