राजनांदगांव

ऑफिस टाइम पर शराब पीते कैमरे में कैद हुए लिपिक और सहकर्मी निलंबित
18-Jun-2026 4:20 PM
ऑफिस टाइम पर शराब पीते कैमरे में कैद  हुए लिपिक और सहकर्मी निलंबित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 जून। खैरागढ़ जिला कार्यालय के आबकारी विभाग के आफिस में खुलेआम कथित तौर पर शराब पीते एक कैमरे में कैद हुए मुख्य लिपिक और एक अन्य कर्मचारी को वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर इंद्रजीत चटवाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं दोनों के विरूद्ध भी विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री चटवाल ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि प्रारंभिक तौर पर आबकारी विभाग के कर्मचारी दोषी पाए गए हैं। फिलहाल उन्हें निलंबत कर दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ जिला कार्यालय के आबकारी विभाग में बुधवार को कार्यालयीन समय पर मुख्य लिपिक विरेन्द्र यादव और एक अन्य कर्मचारी का शराब पीते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। दोनों कर्मचारियों को खुलेआम आफिस के कक्ष में शराब का सेवन करते हुए वीडियो में देखा गया। इसके बाद मामला कलेक्टर तक पहुंचा।

कलेक्टर ने वीडियो देखने के बाद दोनों को निलंबित कर दिया। एक जानकारी के मुताबिक मुख्य लिपिक विरेन्द्र सिंह यादव और सहायक ग्रेड-3 सुजीत गोस्वामी आराम से वीडियो में शराब पीते दिखाई दिए। इसके अलावा कुछ और कर्मचारी जाम छलकाते मस्ती में नजर आए। इसके बाद वीडियो  वायरल होने से आबकारी विभाग में चल रहे कर्मचारियों के हरकत से विभाग की पोल खुल गई। अधिकारिक तौर पर इस मामले में जांच होना बाकी है, लेकिन इससे पहले कलेक्टर ने निलंबन के आदेश जारी किए। 

बताया जा रहा है कि कलेक्टर ने वीडियो को देखने के बाद ही निलंबन का फरमान जारी किया। एक जानकारी यह भी सामने आ रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। फिलहाल मुख्य लिपिक और सहायक ग्रेड-3 को शासकीय सेवा के विपरीत आचरण करने पर गंभीर अनुशासनहीनता, कदाचार और विभागीय मर्यादा के विरूद्ध हरकत करना पाया गया। प्रथम दृष्टया छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1965  के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रस्तावित विभागीय जांच को देखते हुए कलेक्टर ने कड़ा रूख अपनाया है।

इस बीच खैरागढ़ कलेक्टोरेट में प्रशासन के नाक के नीचे जाम छलकाते वीडियो में दिखे कर्मचारियों के हौसले को लेकर भी लोग आश्चर्यचकित हैं। वजह यह है कि कलेक्टोरेट में न सिर्फ कलेक्टर, बल्कि अन्य आला अफसर भी मौजूद रहते हैं। ऐसे में इस तथाकथित वीडियो में शराब पीते नजर आए दोषी कर्मियों के रवैये को लेकर दिनभर प्रशासनिक हल्के में चर्चाएं होती रही। 


अन्य पोस्ट