राजनांदगांव

विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग से मिलेगा मार्गदर्शन - रमन
16-Jun-2026 4:36 PM
विद्यार्थियों को नि:शुल्क कोचिंग से मिलेगा मार्गदर्शन - रमन

अपराध मुक्त ग्रामों, कोटवारों व यातायात मित्रों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 जून।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन राजनांदगांव में आयोजित पहल कार्यक्रम में शामिल हुए। डॉ. सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए स्थापित नि:शुल्क पहल अध्ययन कक्ष का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव पुलिस द्वारा समाज से सीधे जुडऩे और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई पहल एक अभिनव और प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने युवाओं के लिए पुलिस लाइन में नि:शुल्क अध्ययन कक्ष, कोचिंग सुविधा एवं मेंटरशिप कार्यक्रम की सराहना करते कहा कि नवनियुक्त निरीक्षक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। जिससे उन्हें अपने लक्ष्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पुस्तक वितरण एवं अध्ययन संसाधनों की उपलब्धता से युवाओं को लाभ मिलेगा तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इस पहल से जोड़ा जाएगा। उन्होंने इस नवाचार के लिए पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस विभाग की पूरी टीम को बधाई देते कहा कि इस मॉडल को प्रदेश के अन्य जिलों में भी अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में अपराध मुक्त ग्रामों के प्रतिनिधियों, कोटवारों एवं यातायात मित्रों का सम्मान किया तथा उनके नाम से पौधरोपण भी किया।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले के 164 ग्रामों द्वारा वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 के दौरान अपराध मुक्त रहने का उदाहरण प्रस्तुत करना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह सफलता केवल पुलिस विभाग की नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों एवं प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि राजनांदगांव पुलिस द्वारा युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग एवं रीडिंग रूम की सुविधा उपलब्ध कराना एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा तथा पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।  सांसद ने अपराध मुक्त ग्रामों, यातायात मित्रों एवं कोटवारों के सम्मान को सकारात्मक पहल बताते इसके लिए पुलिस विभाग को बधाई दी। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि राजनांदगांव पुलिस द्वारा शुरू की गई यह पहल केवल विद्यार्थियों के लिए कोचिंग एवं अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने अपराध मुक्त ग्रामों, कोटवारों एवं यातायात मित्रों के सम्मान को सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव ने कहा कि पहल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनाकर ही सामाजिक विकास को गति दी जा सकती है।  उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए शुरू किए गए पहल रीडिंग रूम, कोचिंग एवं मेंटरशिप कार्यक्रम को प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि पहल कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा, बेहतर अध्ययन वातावरण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में किरण वैष्णव, शशीकांत द्विवेदी, सचिन बघेल, किरण साहू, पूर्णिमा साहू, मनोज निर्वाणी,  खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, दिनेश गांधी, जितेन्द्र यादव, आयुष जैन, सुरूचि सिंह, भावेश बैद, बहादुर अली, पुलिस विभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कोटवार, यातायात मित्र, अपराध मुक्त ग्रामों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट