राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 जून। ग्राम विकास समिति गैंदाटोला ने हाल ही में अपने प्रियजनों को खो चुके परिवारों तक पहुंचकर न सिर्फ संवेदना व्यक्त की, बल्कि आर्थिक सहयोग देकर उनके दुख को साझा करने का प्रयास भी किया।
ग्राम विकास समिति द्वारा स्व.चंद्रशेखर चंद्रवंशी, पूर्व सरपंच स्व. मथुराबाई चंद्रवंशी एवं स्व. लिखन साहू के शोकाकुल परिवारों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। समिति के सदस्यों ने परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि गांव का पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। इस दौरान ग्रामीणों ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि दुख की घड़ी में दिया गया छोटा सा सहयोग भी परिवारों के लिए बड़ा संबल बन जाता है। यही सोच ग्राम विकास समिति को लगातार सामाजिक कार्यों के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, समिति के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।


