राजनांदगांव

यातायात नियमों का उल्लंघन, 192 प्रकरणों पर कार्रवाई
12-Jun-2026 3:55 PM
यातायात नियमों का उल्लंघन, 192 प्रकरणों पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जून।
खैरागढ़ पुलिस टीम द्वारा खैरागढ़ जिले में सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार खैरागढ़ यातायात पुलिस द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान वाहन चालकों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, मोटर साइकिल चलाते समय हेलमेट पहनने, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन न करने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी न बैठाने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज जैसे प्रदूषण प्रमाण-पत्र, फिटनेस, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने की समझाइश दी जा रही है।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध 01 से 10 जून तक मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत कुल 192 प्रकरणों में कार्रवाई करते 63100 का समन शुल्क अर्थदंड अधिरोपित किया गया। जिसमें बिना नंबर प्लेट वाहन 47 प्रकरण,  तीन सवारी 44 प्रकरण, बिना हेलमेट 08 प्रकरण,  बिना सीट बेल्ट 14 प्रकरण, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना 03 प्रकरण, शराब पीकर वाहन चलाना 05 प्रकरण,  प्रेशर हॉर्न का उपयोग 20 प्रकरण, नाबालिग द्वारा वाहन संचालन 01 प्रकरण,  काला शीशा 01 प्रकरण,  मोबाइल फोन पर बात करते वाहन चलाना 01 प्रकरण व अन्य धाराओं के 48 प्रकरण शामिल हैं। शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों को न्यायालय खैरागढ़ में प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही प्रकरणों के निराकरण उपरांत संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु परिवहन विभाग को प्रेषित किए जा रहे हैं। मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई निरंतर जारी है।


अन्य पोस्ट