राजनांदगांव

लापरवाह ठेकेदार पर होगी कड़ी कार्रवाई
12-Jun-2026 3:45 PM
लापरवाह ठेकेदार पर होगी कड़ी कार्रवाई

 कलेक्टर ने निर्माण कार्यों को लेकर ली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 जून।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण एजेंसी एवं कान्ट्रेक्टर्स द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अधोसंरचना को मजबूत करने सभी निर्माण एजेंसी गुणवत्तापूर्ण कार्य करें। उन्होंने कान्ट्रेक्टर्स को चेतावनी देते कहा कि सडक़ निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण के दौरान बेरिकेट्स जरूर लगाए। जिससे सडक़े अच्छी तरह बनेंगी।

उन्होंने जिले में निर्माणाधीन सडक़ों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रोड कनेक्टिीविटी से विकास कार्यों को गति मिलती है और आवागमन की सुविधा बढ़ती है। उन्होंने सडक़ों के निर्माण का कार्य यथाशीघ्र करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनांदगांव-कवर्धा-पोण्डी मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, राजनांदगांव के गोपालपुर से गिधवा मार्ग के डामरीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण, राजनांदगांव के डोंगरगांव बस्ती के फोरलेन निर्माण कार्य, सुखरी-झींका-देवानभेड़ी मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, सुरगी के कोटराभाठा मार्ग, डोंगरगढ़ के छीपा से बड़े कुसमी मार्ग सहित विभिन्न सडक़ों के निर्माण की सघन समीक्षा की एवं यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आ रही पोल शिफ्टिंग, पाईप लाइन सहित अन्य समस्याओं को दूर करें। उन्होंने भवन निर्माण कार्य अंतर्गत जिले में विभिन्न कार्यालय एवं आवासीय परिसर में गृह निर्माण, हाई स्कूल भवन निर्माण की समीक्षा की।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग सेतु अंतर्गत उच्च स्तरीय पुल निर्माण एवं नवीन पुल निर्माण एवं प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना एवं मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सडक़ों में बीटी कार्य की प्रगति, रिटेनिंग वॉल, सीसी निर्माण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने प्राथमिकता के साथ प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने कहा। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना अंतर्गत नवागांव से मासूलजोब, करमरी से ग्वालीनडीह तथा नवीनीकरण कार्य अंतर्गत गठुला से तुमड़ीलेवा, मुड़ीपार से मनगटा, पटेवा से बिजेतला सहित विभिन्न प्रगतिरत सडक़ों के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने नगरीय क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, आदिवासी विकास विभाग तथा डोंगरगढ़, डोंगरगांव, छुरिया तथा नगरीय पंचायतों के निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, डिप्टी कलेक्टर अनिकेत साहू, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके चौरसिया, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा पद्मसंभव मिश्रा, एसडीओ सेतु फारूखी, डोंगरगांव एसडीओ बीके अखंड, डोंगरगढ़ एसडीओ केके सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास दीक्षा गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट