राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ में हॉकी सेंटरों के विस्तार पर हुई चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून। छत्तीसगढ़ राज्य में हॉकी खेल के समग्र विकास, खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकी इंडिया के सह-सचिव फिरोज अंसारी के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने भारतीय खेल प्राधिकरण (खेलो इंडिया) के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल में हॉकी इंडिया के उपाध्यक्षद्वय मनोज भोरे और लाल रिनफेला, कार्यकारिणी सदस्य अरूण सारस्वत, जूनियर भारतीय हॉकी टीम के कोच पूर्व ओलंपियन रजनीश मिश्रा आदि शामिल थे।
मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ सहित उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और मिजोरम में खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधि मंडल ने राज्य में संचालित खेलो इंडिया योजनाओं एवं गतिविधियों की सराहना करते इन कार्यक्रमों के दायरे और प्रभाव को और बढ़ाने का अनुरोध किया, ताकि प्रदेश के अधिकाधिक खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं एवं अवसरों का लाभ मिल सके।
बैठक में राज्य में हॉकी खेल की बढ़ती लोकप्रियता और प्रतिभाओं को ध्यान में रखते नए हॉकी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रतिनिधि मंडल ने मांग रखी कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर सरगुजा, कबीरधाम और कोरबा जैसे आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल के साथ दुर्ग में अतिरिक्त हॉकी सेंटर स्थापित किए जाएं। जिससे उभरते खिलाडिय़ों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल अवसंरचना तथा विशेषज्ञ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर बताया गया कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं। यदि खेलो इंडिया की गतिविधियों का और विस्तार किया जाता है तथा हॉकी के लिए अतिरिक्त प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाते हैं, तो राज्य से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे।
डीडीजी मयंक श्रीवास्तव ने प्रतिनिधि मंडल द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना तथा खेलों के विकास से संबंधित प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने सभी राज्यों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रतिनिधि मंडल ने आशा व्यक्त की कि केंद्र एवं राज्य के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।


