राजनांदगांव

16 से स्कूलों के खुलेंगे पट, नए शिक्षा सत्र की तैयारी बैठक
10-Jun-2026 6:36 PM
16 से स्कूलों के खुलेंगे पट, नए शिक्षा सत्र की तैयारी बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 10 जून। विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय डोंगरगांव में बुधवार को नए शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर विकासखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक दो पालियों में आयोजित हुई। जिसमें  प्रथम पाली में प्राचार्य, संकुल समन्वयक एवं माध्यमिक प्रधान पाठक तथा द्वितीय पाली में प्राथमिक प्रधान पाठकों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते विकासखंड शिक्षा अधिकारी जयंत साहू ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार आगामी 16 जून से विद्यालयों में नियमित अध्ययन-अध्यापन प्रारंभ किया जाना है। इसके लिए सभी संस्था प्रमुखों को समय-सारिणी निर्माण, विद्यालयों की साफ.-सफाई,  कक्षावार व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव, पाठ्यपुस्तक, साइकिल एवं गणवेश वितरण कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाए। साथ ही जल एवं विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु विद्यालयों में वर्षा जल संचयन तथा सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

बैठक में जर्जर विद्यालय भवनों की जानकारी संकलित करने, वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, डीटीएच स्मार्ट क्लास के नियमित संचालन, पॉक्सो बॉक्स की सक्रियता, छात्रवृत्ति, आधार अपडेशन, एमबीयू, दैनिक डायरी एवं विभिन्न शैक्षणिक अभिलेखों के संधारण पर भी चर्चा की गई। सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी क्षितिज सोरी ने विद्यार्थियों के प्रवेश के समय आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने पर जोर देते ग्रामीण क्षेत्रों के निरक्षर नागरिकों को उल्लास परीक्षा हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव प्रवास बघेल, सेजेस राजनांदगांव के प्राचार्य अमित भोज एवं एडीबीओ सिन्हा का आगमन हुआ। सिन्हा ने विद्यालय भवन, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, वीएसके एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने, स्मार्ट क्लास, व्यवसायिक शिक्षा एवं अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के संचालन पर विस्तार से चर्चा की। वहीं प्राचार्य अमित भोज ने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

 

जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास बघेल ने शिक्षकों एवं संस्था प्रमुखों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते कहा कि 15 जून तक सभी पूर्व तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा 16 जून को प्रवेश उत्सव के साथ शाला संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालयों को परिवार की तरह संचालित करने, पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, सेवा पुस्तिका संधारण, दैनिक डायरी लेखन, विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा प्रदान करने, स्थानीय लेखा-जोखा एवं एसएमसी गठन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षण गुणवत्ता में सुधार कर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करना है।

 बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्य, संकुल समन्वयक एवं प्रधान पाठक उपस्थित रहे। नई शिक्षा नीति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रभावी बनाने आयोजित यह बैठक अत्यंत उपयोगी एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुई।


अन्य पोस्ट