राजनांदगांव

म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार
10-Jun-2026 5:34 PM
म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून।
साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट धारक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के ‘समन्वय पोर्टल’ से प्राप्त जानकारी के आधार पर ऐसे म्यूल बैंक खातों की पहचान की गई, जिनका उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन, व्ययन एवं संवर्धन के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित बैंक खातों का उपयोग साइबर धोखाधड़ी से अर्जित अवैध धन राशि को प्राप्त करने एवं आगे हस्तांतरित करने के लिए किया गया।
बैंक खाताधारकों एवं सहयोगियों द्वारा यह जानते हुए भी कि उक्त राशि धोखाधड़ी एवं बेईमानी से प्राप्त की गई है, उसे प्राप्त एवं उपयोग किया जा रहा था। उक्त तथ्यों के आधार पर थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 279/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पूर्व में एक आरोपी चुम्मन कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। प्रकरण में संलिप्त दूसरे आरोपी रूपेन्द्र कुमार वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जिसने अपराध स्वीकार किया। तत्पश्चात 9 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से  उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट