राजनांदगांव
प्रभारी की उपस्थिति में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी बैठक रविवार को एबिस ग्रीन होटल में आयोजित हुई। प्रभारी बृजेश शर्मा व विधानसभा प्रत्याशी गिरीश देवांगन की उपस्थिति में कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने छह माह के कार्यकाल का पूरा ब्यौरा रखा।
उन्होंने जानकारी दी कि बूथ कमेटियों का शत-प्रतिशत गठन किया जा चुका है और बूथ प्रभारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने बैठक के दौरान कहा कि कांग्रेस संगठन का पूरा फोकस जनता से जुड़े मुद्दों पर है और आगामी दिनों में इसे और तेज किया जाएगा। प्रभारी ने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यों और संगठनात्मक प्रयासों को सराहते हुए प्रशंसा की। जिला शहर कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ललित मरकम ने बताया कि यह कार्यकारिणी की पहली मासिक बैठक थी। जिसमें सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
श्री मुदलियार ने कार्यक्रम की शुरूआत में ही विगत छह महीनों की संगठनात्मक गतिविधियों का ब्यौरा सामने रखा। उन्होंने जानकारी दी कि इन दिनों में बिजली संकट, पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के बढ़े दाम, निगम में सफाई कर्मियों के वेतन संकट, अधूरे अंडरब्रिज को जल्द पूर्ण किए जाने की मांग, नए ओवरब्रिज निर्माण की मांग सहित सत्ता पक्ष के नेताओं की दादागिरी, पुलिस की अनैतिक कार्रवाईयों और राज्य शासन के विसंगतिपूर्ण निर्णयों पर जमकर प्रहार किया गया है।
श्री मुदलियार ने कहा किए हमारा पूरा फोकस जनता से जुड़े मुद्दों पर है। संगठनात्मक कार्यक्रमों को भी पूरी गति से चलाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मिलने वाले मार्गदर्शन और निर्देशों का पालन कर हम आगे बढ़ रहे हैं। एकजुटता के साथ पूरे संगठन ने मजबूत विपक्ष की छवि गढ़ी है और जनमानस के बीच अपनी जगह बनाई है। अध्यक्ष ने कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और समस्त कार्यकर्ताओं का आभार भी प्रकट किया।
बैठक में प्रभारी बृजेश शर्मा ने शहर जिला कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक कार्यों और प्रदर्शनों को सराहा। उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और उनकी टीम खरी उतरी है और विगत छह महीनों में जनता से जुड़े मुद्दों पर आक्रामकता के साथ पार्टी ने बेहतर किया है। बैठक में उपस्थित विधानसभ प्रत्याशी गिरीश देवांगन ने कहा कि यह एकजुटता एक मजबूत पक्ष है, जो विपक्ष के नाते हमारे पास सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्णय जनमानस में रोष आक्रोश पैदा कर रहे हैं। हमें जनता के साथ न्याय के लिए संघर्ष करना है। इस दौरान शाहिद ख़ान, श्रीकिशन खंडेलवाल, रमेश राठौर, दिनेश शर्मा, डॉ. आफताब आलम, प्रवीण मेश्राम, कमलजीत सिंह पिंटू, विवेक वासनिक, राकेश जोशी, देवेंद्र सिंह गरचा, शारदा तिवारी, प्रकाश राठौर, हरिनारायण धकेता, अमीन हुद्दा, इकरामुद्दीन सोलंकी, अशोक पंजवानी, सूर्यकांत जैन, महेश यादव, कुसुम दुबे, देवेश डाकलिया, विनय झा, मनीष गौतम, मनीष साहू, मामराज अग्रवाल, सुजीत दत्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


