राजनांदगांव

28 से बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक
10-Jun-2026 4:30 PM
28 से बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक

कलेक्टर ने ली जिला टॉस्क फोर्स की बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में 28 से 30 जून तक चलाए जाने वाले पल्स पोलियो अभियान 2026 हेतु जिला टॉस्क फोर्स की बैठक हुई। कलेक्टर ने जिले में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा पल्स पोलियो अभियान की तैयारी के संबंध मेें जानकारी ली।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले 0-5 वर्ष के लक्षित बच्चों की संख्या 90036 है। जिसके लिए जिले में कुल 360 बूथ बनाए गए हैं।  जिसमें 720 टीम कार्य करेगी एवं 77 सुपरवाईजर द्वारा कार्यक्रम की मॉनिटरिंग की जाएगी। विकासखंडों के सुपरवाईजरी हेतु जिला स्तरीय मॉनिटरिंग टीम भी बनाई गई है। पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत 28 जून 2026 को विभिन्न बूथ के माध्यम से सुबह 8 से शाम 5 बजे तक लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी तथा छूटे हुए बच्चों को 29 जून तथा 30 जून को स्वास्थ्य कार्यकत्र्ता द्वारा घर-घर भ्रमण कर पोलियो की खुराक दी जाएगी। बूथ के अलावा जिले के समस्त विकासखंडों तथा शहरी क्षेत्रों में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, छात्रावास, मदरसा, ईटा भट्टा हेतु ट्रांजिट टीम द्वारा पल्स पोलियो की खुराक बच्चों को दी जाएगी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के सुचारू संपादन हेतु मैदानी अमलों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरढ़ एम भार्गव, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट