राजनांदगांव
गोपालपुर में जनसमस्या निवारण शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जून। सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत गोपालपुर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा, कलेक्टर जितेन्द्र यादव उपस्थित थे। इस दौरान कलेक्टर ने जनसामान्य की समस्याओं को तत्परता से सुना एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए।
सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत भर्रीटोला आंको, बूचाटोला, गोपालपुर, केशोटोला, खोभा, लाममेटा, पाटेकोहरा, पेंड्रीडीह, रानीतलाब, सडक़चिरचारी एवं तेलिनबांधा कुल 15 ग्राम पंचायत के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों से मांग एवं शिकायतों से संबंधित कुल 1092 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें मांग से संबंधित 1079 आवेदन एवं शिकायत से संबंधित 13 आवेदन शामिल थे। शिविर में निराकरण योग्य आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया।
शिविर शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अभिनंदन पत्र दिया गया। इसी तरह हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, स्वसहायता समूहों को ऋण चेक, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वच्छता सामग्री किट प्रदान किया गया तथा मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर कुपोषण निवारण किट भी प्रदान की गई। शिविर में पंचायत, राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास सहित सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता रही।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य बिरम मंडावी, जनपद उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर, जनपद सदस्य भेष साहू, सुनीता कंवर, भानबाई मंडावी, उत्तरा निषाद, उभेरामराम मंडावी, राधिका चंद्रवंशी, एमडी ठाकुर, चन्द्रिका प्रसाद डड़सेना, रविंद्र वैष्णव, कांता साहू, एडीएम सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम श्रीकांत कोराम, तहसीलदार आकांक्षा साहू, सीईओ होरीलाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


