राजनांदगांव

गंजपारा स्कूल के शिविर में मिले 98 आवेदन
09-Jun-2026 3:58 PM
गंजपारा स्कूल के शिविर में मिले 98 आवेदन

मांग के 70 व शिकायत के 28 मिले आवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जून।
 वार्डवासियों की समस्या का समाधान करने तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने वार्डों में आयोजित शिविर के तहत सोमवार को वार्ड नं. 39, 40 व 48 के लिए गंजपारा स्कूल में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मांग के 70 तथा शिकायत के 28 इस प्रकार कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। जिसका प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।

शिविर में महापौर श्री यादव ने वार्डवासियों से कहा कि शासन की मंशानुरूप वार्डों के लिए क्लस्टर आधार पर जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य नागरिकों के पास जाकर उनकी  समस्या से अवगत हो, उसका निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि शिविर अब अंतिम चरण में है, नागरिकों द्वारा दिए गए आवेदनों को छंटनी कर विभागवार मांग एवं शिकायत अलग कर उसका चरणबद्ध निराकरण किया जाएगा, ताकि वार्डवासियों को उसका लाभ मिल सके।
महापौर  ने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा तथा संबंधित वार्ड के पार्षदों के साथ स्टालो का निरीक्षण कर अधिकारियों व कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी ली।  उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की कड़ी में हितग्राहियों को विवाह प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस तथा श्रमिक कार्ड का वितरण किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई करा नवजात शिशुओं का अन्नप्रासन्न कराया।  शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा वार्डवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुक्त ने अधिकारी- कर्मचारियों से कहा कि शिविर में आए आवेदनों को कम्प्यूटर में इंद्राज कर पोर्टल में डाले तथा उसका समय-सीमा में निराकरण करें।


अन्य पोस्ट