राजनांदगांव
सड़े-गले फल व सब्जी का उपयोग नहीं करने आयुक्त ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 जून। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने सोमवार सुबह गोल बाजार और गुडाखू लाइन का निरीक्षण कर बाजार में सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा सड़े-गले फल व सब्जी का उपयोग नहीं करने तथा मटन मार्केट के अपशिष्ट का उचित निपटान करने के निर्देश दिए। साथ ही अनावश्यक बहते नल कनेक्शन को काटने निर्देशित किया।
आयुक्त ने गोलबाजार में पैदल भ्रमण कर स्वास्थ्य अमला से कहा कि बाजार लगने से पूर्व सम्पूर्ण क्षेत्र की समुचित सफाई करें। रात्रिकालीन सफाई वालों को बाजार से निकलने वाले कचरों को साफ कर रात में ही कचरा उठाने, सब्जी विक्रेताओं को कचरा नहीं फैलाने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा झिल्ली पन्नी का उपयोग नहीं करने समझाईस देने, फल मार्केट में फल विक्रेताओं को सड़े-गले फल नहीं रखने तथा मटन मार्केट में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और अपशिष्ट को उचित निपटान करने कहा। कोई भी मांस विक्रेता नाली में अपशिष्ट नहीं डाले पर विशेष ध्यान देने की समझाईश दी।
उन्होंने गुडाखू लाइन में सफाई निरीक्षण के दौरान दुकान खुलने के पहले साफ-सफाई करने निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड प्रभारी से कहा कि दुकानदारों को समझाईस दें और अपने दुकान का कचरा डस्टबिन में रख स्वच्छता दीदीयों को देने, कचरा फैलाते पाए जाने पर या दुकान के सामने कचरा पाए जाने पर संंबंधित पर जुर्माना लगाने, झिल्ली पन्नी का उपयोग नहीं करने समझाईस देने, समय-समय पर निरीक्षण कर जब्ती की कार्रवाई करने कहा। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई रखना सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने अनावश्यक बहते नल कनेक्शन को काटने के निर्देश देते कहा कि नलों मे टोटी लगाने समझाईस दें, अपालन पर काटने की कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान निगम का स्वास्थ्य अमला उपस्थित था।


