राजनांदगांव
610 लीटर डीजल जब्त, मुख्य आरोपी की तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 जून। अवैध रूप से डीजल बिक्री व भंडारण करने वाले आरोपी के विरूद्ध चिचोला व स्पेशल टीम डोंगरगढ़ डिवीजन ने कार्रवाई की। आरोपी ढाबा संचालक द्वारा आरटीओ बेरियर के पास ट्रकों के ड्राइवरों को डीजल बेचकर अवैध धन लाभ अर्जित करता था। प्रकरण के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्ज से 9 जरीकेन व 9 प्लास्टिक केन से डीजल व बिक्री रकम जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 6 जून को चिचोला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा) रामपुर खातूटोला पाटेकोहरा बेरियर के पास ढाबा संचालक द्वारा अपने ढाबा में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर अवैध रूप से आने-जाने वाले ट्रकों के ड्राइवरों को बेचकर अवैध धन लाभ अर्जित कर रहा है। सूचना पर स्पेशल टीम डोंगरगढ़ डिवीजन व पुलिस चौकी चिचोला द्वारा यूपी प्रतापगढ़ ढाबा (जुम्मन ढाबा) रामपुर खातूटोला पाटेकोहरा बेरियर के पास रेड कार्रवाई किया गया, जहां डीजल खरीदने वाले पुलिस पार्टी को देखकर पीछे के रास्ते खेत जंगल की ओर भाग निकले।
मौके पर एक व्यक्ति डीजल बेचने वाला मिला। जिसका नाम-पता पूछने पर अपना नाम बहादुर अली 50 साल पता वर्तमान पता यूपी प्रतापगढ़ ढाबा रामपुर खातूटोला पाटेकोहरा बेरियर के पास चिचोला राजनांदगांव एवं स्थाई पता ग्राम माचा पोस्ट खम्हरिया थाना मौदहा जिला हमीरपुर उ.प्र. का होना बताया। तलाशी के दौरान पूछताछ करने पर बहादुर अली के कब्जेे से नीला कलर प्लास्टिक के जरीकेन में भरा 60-60 लीटर डीजल दो जरीकेन कुल 120 लीटर डीजल, नीला कलर प्लास्टिक के जरीकेन में भरा 50-50 लीटर डीजल तीन नग जरीकेन कुुल 150 लीटर डीजल, नीला कलर प्लास्टिक के जरीकेन में भरा 40-40 लीटर डीजल चार जरीकेन कुुल 160 लीटर डीजल, सफेद प्लास्टिक का केन में भरा भरा 20-20 लीटर डीजल नौ नग प्लास्टिक केन कुल 180 लीटर कुल जुमला 610 लीटर डीजल कुल कीमती 62830 रुपए एवं डीजल बिक्री रकम 500 रुपए मिला। बरामद डीजल के रखने एवं बेचने के संबंध में बहादुर अली से पूछताछ नोटिस दिया, जो लिखित में कोई वैध दस्तावेज नहीं होना व उक्त डीजल अतिक अहमद उर्फ जुम्मन खान के ढाबा में मैनेजर का काम 15 हजार रुपए प्रतिमाह की दर से करने एवं ढाबा में डीजल की देखरेख व खरीदी-बिक्री का काम करता है बताया।
आरोपी का कृत्य अपराध सदर धारा आवश्यक वस्तु अधि. 1955 की धारा 3, 7 घटित पाए जाने से आरोपी बहादुर अली को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया। मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन निवासी रामपुर खातूटोला का पता तलाश जारी है।


