राजनांदगांव

‘साइकिल पर रविवार’ साइकिल रैली का आयोजन
07-Jun-2026 3:49 PM
‘साइकिल पर रविवार’ साइकिल रैली का आयोजन

पुलिस कर्मियों ने लिया बढ़-चढक़र हिस्सा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जून।
विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में 7 जून को  ‘साइकिल पर रविवार’ साइकिल रैली का आयोजन किया गया। भारत सरकार योजना अंतर्गत मोहला-मानपुर-अं. चौकी  एसपी वायपी सिंह के निर्देशन में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिले के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। साइकिल रैली निकालकर आमजन को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक किया।
मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में प्रारंभ किए गए  फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं फिटनेस को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत प्रारंभ की गई। फिट  इंडिया साइक्लिंग ड्राइव  आज एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन के रूप में विकसित होकर ‘रविवार को साइकिल पर’  अभियान के रूप में संचालित की जा रही है। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 7 जून को जिला मोहला-मानपुर-अं. चौकी  में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में रविवार सुबह जिले में  ‘साइकिल पर रविवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे एवं डिप्टी कलेक्टर डीआर ध्रुव एवं  अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, कार्यालय उप पुलिस अधीक्षक नेहा पवार, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षकभुवनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मोहला निरीक्षक संदीप टोप्पो, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों ने सुबह 7.30 बजे खाकी वर्दी एवं साइकिल के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपिस्थत हुए।  इसके पश्चात साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली निर्धारित मार्गों से होते नगर क्षेत्र में संचालित की गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा साइकिल चलाने के स्वास्थ्य संबंधी लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ एवं फिट रहता है, हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है, मानसिक तनाव में कमी आती है तथा व्यक्ति की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही साइकिल एक पर्यावरण हितैषी परिवहन साधन है, जो प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अधिकारियों ने वर्तमान समय में पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती खपत, ईंधन संसाधनों पर बढ़ते दबाव तथा पर्यावरणीय चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। साइकिल न केवल ईंधन की बचत करती है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी लाभकारी है। छोटी दूरी की यात्राओं के लिए साइकिल का उपयोग कर हम प्रदूषण को कम करने के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों एवं युवाओं से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। ‘साइकिल पर रविवार’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत एवं जन-जागरूकता का सकारात्मक संदेश समाज तक पहुंचाने का सफल प्रयास किया गया।


अन्य पोस्ट