राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध केसीजी पुलिस ने कार्रवाई अभियान शुरू कर दिया है। प्रतिबंधित मॉडिफाइड साईलेंसर लगाकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले बाइक चालकों के विरूद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं यातायात नियमों के पालन हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 जून को थाना गंडई पुलिस द्वारा विजिबल पुलिसिंग के दौरान गंडई नगर क्षेत्र में खतरनाक तरीके से वाहन चलाते तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करते मोटर साइकिल चालकों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान नारायण साहू 22 वर्ष निवासी ग्राम भुरभुसी, चैबेन्द्र साहू 18 वर्ष निवासी ग्राम भुरभुसी और दीपक देवांगन 43 वर्ष निवासी टिकरीपारा गंडई शामिल हैं।
उक्त चालकों द्वारा मोटर साइकिल में मॉडिफाईड साईलेंसर लगाकर तेज आवाज निकालते तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाते पाए जाने पर उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत 2-2 हजार की चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहनों में लगे मॉडिफाइड साईलेंसर को निकलवाकर जब्त किया गया। थाना गंडई पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहन में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं। क्षेत्र में तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।


