राजनांदगांव
22 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी सडक़ पार करते हादसे का शिकार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जून। सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एक महिला कर्मचारी की ट्रक के चपेटे में आने से शुक्रवार सुबह दर्दनाक मौत हो गई। अस्पताल के लिए सडक़ पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्वास्थ्यकर्मी को कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के लिए अशोका बिल्डकॉन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। डामरीकरण के लिए वन-वे होने के कारण सडक़ पार करते स्वास्थ्यकर्मी की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं घटना के फौरन बाद ट्रक चालक को पुलिसने गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक सोमनी स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ फार्मासिस्ट इंदु साहू (22 वर्ष) रोज की तरह अपने कार्य के लिए घर से जाने निकली थी। उसे उसका भाई सौरभ साहू बाइक से छोडऩे गया था। वन-वे मार्ग होने के कारण सडक़ की दूसरी ओर छोडक़र वह लौट गया। इसी बीच सडक़ पार करते समय इंदु साहू को राजनांदगांव से दुर्ग की ओर जा रही एक ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया, लेकिन उसकी मौत मौके पर ही हो गई थी।
बताया जाता है कि ट्रक चालक रफ्तार को नियंत्रित करने में नाकाम रहा। जिसके चलते ट्रक युवती के शरीर को बुरी तरह से कुचलते हुए आगे निकल गई। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूर ट्रक क्रमांक सीजी-04-एलआर-9613 के चालक को धरदबोचा। पुलिस के मुताबिक ट्रक गुजरात से रायपुर जा रही थी। घटना के चलते स्वास्थ्य विभाग में शोक का माहौल है।
बताया जाता है कि अशोका बिल्डकॉन द्वारा टोलप्लाजा से टेडेसरा तक डामरीकरण की वजह से वन-वे किया गया है। इसी के चलते यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। इस बीच यह जानलेवा हादसे को लेकर क्षेत्र के लोग अशोका बिल्डकॉन पर दोषारोपण कर रहे हैं। इस संबंध में सोमनी थाना प्रभारी दीपक पटेल ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि ट्रक चालक पुलिस गिरफ्त में है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।


