राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जून। खैरागढ़ जिले में जून माह के प्रथम थाना दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में थाना दिवस का आयोजन हुआ। थाना दिवस पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों तथा शैक्षणिक संस्थानों एवं विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थानों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में समस्याओं का त्वरित निराकरण होने से आमजन में संतोष एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त होने से आमजन के चेहरों पर संतुष्टि एवं विश्वास की झलक दिखाई दी।
मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस केसीजी टीम द्वारा जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में नियमित रूप से थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में 4 जून को जिले के समस्त थाना एवं चौकियों में थाना दिवस कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया तथा उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों पर खुली चर्चा की गई। इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक जिला केसीजी द्वारा थाना ठेलकाडीह में उपस्थित होकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। साथ ही साइबर अपराध, नवीन आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों एवं वार्डों में साइबर जागरूकता एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आवारा मवेशियों के कारण होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नागरिकों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई।
आमजन को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा संदिग्ध अथवा धोखाधड़ी वाले मोबाइल नंबरों की शिकायत पोर्टल पर दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। थाना दिवस कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न थानों में जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम द्वारा थाना गंडई एवं मोहगांव, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय प्रदीप येरेवार द्वारा थाना छुईखदान, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खैरागढ़ आशारानी द्वारा थाना खैरागढ़, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रमेश चंद्रा द्वारा ओपी जालबांधा, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय ममता अली शर्मा द्वारा थाना गातापार, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र वैष्णव द्वारा थाना साल्हेवारा एवं बकरकट्टा में उपस्थित होकर क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया।


