राजनांदगांव

10वीं बोर्ड का टॉपर छात्र बांध में डूबा
04-Jun-2026 3:47 PM
10वीं बोर्ड का टॉपर  छात्र बांध में डूबा

खैरागढ़ जिले के रानी रश्मिदेवी जलाशय में डूबे नाबालिग छुईखदान का रहने वाला था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 जून।  खैरागढ़ जिले के छुईखदान इलाके के रानी रश्मिदेवी जलाशय में बुधवार दोपहर को एक 17 साल का नाबालिग पानी में डूब गया। लक्ष्य पाल नामक नाबालिग अपने दो साथियों को लेकर घर से नहाने के लिए बांध में पहुंचा था। इस दौरान लक्ष्य पाल गहरे पानी में चला गया और वह पानी में डूब गया। उसके दो साथी किसी तरह एक दूसरे की सहायता से बाहर निकले और फिर दोनों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।

मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लक्ष्य पाल के पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में 10वीं बोर्ड की परीक्षा में नाबालिग ने 86 प्रतिशत अंक लेकर शानदार तरीके से परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह शुरू से मेधावी छात्र रहा है। इस बीच यह घटना होने से परिवार में शोक का माहौल है। सूचना के बाद एसडीआरएफ दुर्ग और एनडीआरएफ राजनांदगांव की टीम को भी बुलाया गया। दोपहर से शुरू हुए सर्च आपरेशन में गोताखोरों और बचाव दल ने लगातार तलाश की। करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद शाम 6.30 बजे लक्ष्य का शव जलाशय से बरामद किया गया। शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सुपुर्द किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।


अन्य पोस्ट