राजनांदगांव

कड़ी जांच के बाद डीएड अभ्यर्थियों को मिली प्रवेश की इजाजत
04-Jun-2026 2:35 PM
कड़ी जांच के बाद डीएड अभ्यर्थियों को मिली प्रवेश की इजाजत

 22 केंद्रों में सुबह से दोपहर तक चली परीक्षा
'छत्तीसगढ़'  संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून।
जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में  डी.एड की परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद प्रवेश की इजाजत दी गई। उक्त परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12.15 बजे तक हुई। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9.30 बजे बंद कर दिए गए।  इसके पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा गुरुवार को डी.एड. परीक्षा के लिए राजनांदगांव जिले में 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। उक्त परीक्षा में 6712 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी।  परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के लिए परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र की जांच की गई। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सामानों जैसे  मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैग, कैलकुलेटर, इयरफोन, धात्विक वस्तुएं तथा किसी भी प्रकार की नकल सामग्री की जांच की गई, जिसे  प्रतिबंधित किया गया था।

परीक्षार्थियों को प्रवेश के दौरान नीले अथवा काले बॉल पेन की अनुमति मिली।  साथ ही परीक्षार्थियों को आधी बांह वाले सादे एवं हल्के रंग के वस्त्र पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।  महिला परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग केवल महिला पुलिस कर्मियों द्वारा तथा पुरूष परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग पुरूष पुलिस कर्मियों द्वारा की गई।

किसी के चेहरे खिले तो किसी के मायूस
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा गुरुवार को डी.एड. परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के बाद परीक्षार्थी केंद्रों के बाहर निकले तो किसी के चेहरे खिले हुए नजर आए तो किसी के चेहरे मायूस नजर आए। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्नों को लेकर उत्साह नजर आया। वहीं कुछ के चेहरे में चिंता की लकीरें साफ नजर आई।  


अन्य पोस्ट