राजनांदगांव

उत्साह के साथ मना माता अहिल्याबाई की जयंती
03-Jun-2026 7:04 PM
उत्साह के साथ मना माता अहिल्याबाई की जयंती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 जून। शंकरपुर स्थित सामाजिक भवन में पुण्य श्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की जयंती समारोह का आयोजन बीते दिनों श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा, महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ माता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। वक्ताओं ने माता अहिल्याबाई होलकर के आदर्श जीवन, उनके उत्कृष्ट प्रशासन, समाज सेवा, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण तथा जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डालते उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि माता अहिल्याबाई होलकर ने अपने शासनकाल में न्याय, सेवा और विकास की जो मिसाल स्थापित की, वह आज भी समाज के लिए अनुकरणीय है।

इस अवसर पर पार्षद अपूर्वा श्रीवास्तव भी विशेष रूप से उपस्थित रही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा शंकरपुर क्षेत्र में पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को उनके समक्ष रखा गया। पार्षद श्रीमती श्रीवास्तव ने जनहित को ध्यान में रखते क्षेत्र में लेट-बाथ  एवं बोरिंग स्थापना के प्रस्ताव पर सहमति प्रदान की तथा आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

उन्होंने माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना की भी सहमति प्रदान की। उनके इस सकारात्मक सहयोग का उपस्थित नागरिकों एवं समाजजनों ने स्वागत करते आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। जिनकी उपस्थितजनों ने सराहना की। अंत में अतिथियों, समाजजनों एवं सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा माता अहिल्याबाई होलकर के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते  कार्यक्रम का समापन किया गया।


अन्य पोस्ट