राजनांदगांव

खरीफ सीजन में खेती-किसानी के लिए तैयारी जोरों पर
02-Jun-2026 3:35 PM
खरीफ सीजन में  खेती-किसानी के लिए तैयारी जोरों पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 जून। जिले में खरीफ सीजन में खेती-किसानी के लिए तैयारी जोरों पर है और किसानों में उत्साह है। किसान सहकारी समितियों में जाकर खाद एवं बीज की खरीदी कर रहे हैं।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने खरीफ सीजन में खेती-किसानी को ध्यान में रखते किसानों को समय पर खाद-बीज का वितरण कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए किसी भी तरह की परेशानी नहीं होना चाहिए। इस वर्ष खरीफ में धान सहित दलहन-तिलहन फसलों में परम्परागत खाद के साथ वैकल्पिक खाद एवं नैनो यूरिया व डीएपी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सिंगदई के किसान  कमल नारायण साहू ढाबा सोसायटी में खाद लेने पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि उनके पास 2 एकड़ 35 डिसमिल जमीन है। आज यहां 3 बोरी यूरिया, 3 बोरी डीएपी, 3 बोरा पोटाश खाद की खरीदी की है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ 21 क्विंटल के मान से धान खरीदी होने से किसानों में खुशी है।  ग्राम फरहद के किसान घनश्याम पटेल ने बताया कि उनके पास 1 एकड़ जमीन है और आज वे ढाबा सोसायटी से खाद एवं राखड़ लेकर जा रहे हैं। वे महामाया धान की फसल लेंगे। उन्होंने बताया कि 30 से 35 कट्टा धान का उत्पादन हो जाता है। जिसे वे कृषक उन्नति योजना के तहत बिक्री करेंगे। ग्राम सिंगदई की ललिता साहू ने बताया कि उनके पास साढ़े 4 एकड़ कृषि भूमि है। वह ढाबा सोयायटी खाद लेने पहुंची थी। उन्होंने सोसायटी से 5 बोरी यूरिया, 5 बोरी पोटाश एवं 5 बोरा डीएपी क्रय किया। उन्होंने कहा कि सोसायटी से समय पर खाद मिलने से खेती-किसानी का कार्य समय पर प्रारंभ हो सकेगा। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत धान की बिक्री से बहुत लाभ मिल रहा है। किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट