राजनांदगांव

जल भराव की समस्या से निपटने नाला-नालियों की सफाई शुरू
01-Jun-2026 4:28 PM
जल भराव की समस्या से निपटने नाला-नालियों की सफाई शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून।
मानसून एवं बारिश में नगर में आने वाले जल भराव की समस्या से निपटने तैयारी शुरू हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष के निर्देश एवं मार्गदर्शन में निकाय के सफाई अमला द्वारा नगर के बड़ा नाला एवं नालियों की साफ -सफाई कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। बताया जाता है कि यह अभियान जून माह के प्रथम सप्ताह तक नगर में चलता रहेगा। जून माह के पहले सप्ताह में मानसून के आगमन की दस्तक हो गई है। प्री मानसून के आगमन के संकेत मिलते ही नगर के नाला एवं नालियों की सफाई कार्य में नगर पंचायत का सफाई अमला पूरी तरह मैदान में आ गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बीते दिनों निकाय की सफाई व लोक निर्माण विभाग की बैठक कर सफाई कर्मियों को बारिश में जल भराव से निपटने नगर की सभी छोटी-अड़ी नाली व नालियों की साफ-सफाई करने का निर्देश दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बारिश में जल भराव की समस्या से घिरे रहने वाले वार्डों  में नालियों की सफाई कार्य में विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया है।
बैठक में सफाई दरोगा लोकेश सलामे एवं सफाई विभाग के प्रभारी रामसाय पटेल एवं सफाई मित्रों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के सामने सफाई कार्य में आने वाली परेशानियों के निदान तथा सफाई दस्ता को आवश्यक संसाधन मुहैया कराने की मांग रखी। नगर अध्यक्ष ने सफाई मित्रों की मांग एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने सीएमओ व उपयंत्री को निर्देश दिया। बैठक में सीएमओ विजय पांडेय, उपयंत्री योगेश्वर सिंह ठाकुर के अलावा सफाई विभाग व लोक निर्माण शाखा के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट