राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 मई। मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिले के भड़सेना के जंगल में जुआ खेलने वाले 8 जुआरियों को पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की। जुआरियों से नगदी, मोबाइल, मोटर साइकिल एवं जुआ सामग्री सहित कुल 3 लाख 47 हजार 220 रुपए का मशरूका जब्त किया। पुलिस ने छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की।
मिली जानकारी के अनुसार मोहला-मानपुर-अं. चौकी एसपी वायपी सिंह के निर्देशन, एएसपी पीताम्बर पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना अंबागढ़ चौकी पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम भड़सेना के जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर तालिब खान 29 वर्ष निवासी पुराना बस स्टैंड डोंगरगढ़, दशेश्वर प्रसाद कोड़ापे 26 वर्ष निवासी मोंगरा थाना अंबागढ़ चौकी, गोपालराम धनकर 42 वर्ष निवासी केरेठी डोंगरगढ़, सतीश कुमार दीखीत 32 वर्ष निवासी अरजपुरी मंचुआ जिला बालोद, दिनेश उइके 30 वर्ष निवासी बिहिरीखुर्द थाना अम्बागढ़ चौकी, भूपेन्द्र गंजीर 27 वर्ष निवासी काकोडी थाना चिचगढ़ जिला गोंदिया महाराष्ट्र, संतराम उइके 27 वर्ष निवासी घोटिया डोंगरगढ़ एवं धनराज जैन 49 वर्ष निवासी साल्हे भानुप्रतापपुर जिला कांकेर को पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से नगदी एक लाख 13 हजार 220 रुपए, विभिन्न कंपनियों के 8 नग मोबाइल फोन कीमती 84 हजार रुपए, 52 पत्ती ताश, बैटरी, एलईडी बल्ब, बिजली तार तथा 3 नग मोटर साइकिल कीमती एक लाख 50 हजार रुपए को जब्त की गई। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 47 हजार 220 रुपए है।
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मौके से अन्य आरोपी फरार हो गए। जिनकी तलाश जारी है।


