राजनांदगांव

महिला को अश्लील टेक्स्ट मैसेज, आरोपी बंदी
29-May-2026 6:36 PM
महिला को अश्लील टेक्स्ट मैसेज, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई।
अश्लील टेक्स्ट मैसेज कर महिलाओं को परेशान करने वाले आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा महिला को अज्ञात मोबाइल नंबर से अश्लील मैसेज करने वाले आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। प्रार्थिया के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल प्राप्त कर अज्ञात नंबर की जानकारी साइबर सेल से ली गई। जांच के दौरान मोबाइल नंबर धारक कौशल कुमार पटेल  28 वर्ष निवासी ग्राम डुमरडीह थाना गातापार जिला केसीजी का होना पाया गया।

आरोपी द्वारा महिला के मोबाइल नंबर पर अश्लील टेक्स्ट मैसेज भेजना पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध थाना गातापार में अपराध क्रमांक 13/2026 धारा 75(2), 75(3), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी कौशल कुमार पटेल को तलब कर पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते 27 मई को  गिरफ्तार किया गया तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। आरोपी को जेएमएफसी न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


अन्य पोस्ट