राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा डोंगरगांव, बरगांव, मटिया, सुरगी, सोमनी, तुमड़ीबोड़, सुकुलदैहान, डुमरडीहकला सहित अन्य क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अवैध रूप में रेत खनिज का परिवहन करने पर 3 हाईवा को जब्त किया गया। इसके तहत ग्राम बेलगांव निवासी लेखराम साहू के स्वामित्व के हाईवा सीजी 07 सीएन 9026 से वाहन चालक रोशन साहू द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जब्त कर थाना तुमड़ीबोड़ को सुपुर्द किया गया। इसी तरह गठुला निवासी लोमेश देवांगन के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 बीएफ 4572 से वाहन चालक धनसिंग कंवर एवं ग्राम मुसराकला निवासी उत्तम साहू के स्वामित्व के हाईवा सीजी 08 एजेड 4197 से वाहन चालक हुमेश वर्मा द्वारा रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते जब्त कर थाना सुकुलदैहान को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भंडारण के रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।


