राजनांदगांव
शराब खरीदने पहुंचे ग्राहक पर हिंसक हमला, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई। शहर के तीन अलग-अलग शराब दुकानों में एक संगठित अपराधी ग्रुप ने बीती रात जमकर उत्पात मचाया। वहीं शराब खरीदने गए एक युवक पर उत्पातियों ने हिंसक हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर में चोट पहुंची है। यह पहला मौका नहीं है, जब शराब दुकानों में आदतन बदमाश संगठित होकर लूटपाट जैसे आपराधिक घटना को अंजाम देते हैं। आबकारी अमला सिर्फ राजस्व बढ़ाने पर जोर दे रहा है। जबकि ग्राहकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी से विभाग पीछे भाग रहा है। इसी तरह सुरक्षा के मामले में पुलिस पर भी सवाल उठे हैं। बताया जा रहा है कि शराब दुकानों में अक्सर छीनाझपटी और हाथापाई की घटनाएं आम बात हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शहर के पेंड्री इलाके के अलावा नंदई क्षेत्र के शराब दुकानों में बीती रात को अपराधियों ने जमकर लोगों के साथ मारपीट की। इस बीच एक युवा के विरोध करने पर उस पर हिंसक हमला कर दिया। घटना में युवक के सिर के पिछले हिस्से में चोट पहुंची है। बीती रात को तीन शराब दुकानों में उत्पात मचा रहे आरोपियों ने कई लोगों से शराब की बोतलें भी छीन ली। वहीं विरोध करने वालों की जमकर धुनाई भी कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस की एक टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। शराब दुकानों के सीसीटीवी फुटेज में उत्पातियों की हरकतें कैद हुई है। सूत्रों का कहना है कि लालबाग पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शराब दुकानों में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों से हाथापाई करने के मामले में पुलिस की ओर से ठोस कदम नहीं उठाने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
गौरतलब है कि पेंड्री और नंदई क्षेत्र में तीन से चार शराब की दुकानें संचालित हो रही है। वहीं चिखली क्षेत्र में भी शराब दुकान स्थित है। शाम ढलते ही नशे में चूर कुछ अपराधी किस्म के युवा ग्राहकों से बेवजह उलझते हैं। उत्पातियों पर नकेल कसने में पुलिस पीछे रह जाती है। पुलिस और आबकारी अमले की गैरमौजूदगी का संगठित अपराधी पूरा फायदा उठा रहे हैं। आए दिन शराब दुकानों में हिंसक वारदात का होना सामान्य बात हो गई है।


