राजनांदगांव
अलग-अलग तिथियों में दिया गया था रकम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मई। कलेक्टोरेट में कम्प्यूटर आपरेटर के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने शिकायत के बाद गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लिटिया निवासी प्रार्थी रविचंद्र मंडले ने 2 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराया था कि आरोपी प्रकाश गजभिये 33 वर्ष निवासी वार्ड नं. 12 स्टेशनपारा चिखली ने प्रार्थी को नौकरी लगवाने का लालच देकर उससे कुल 2 लाख 60 हजार रुपए की ठगी की है। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट आरोपी के विरुद्ध चौकी सुकुलदैहान थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 197/26 धारा 318(4)बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।
मामले में जांच में पाया गया कि आरोपी ने प्रार्थी से यूपीआई तथा नगदी के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 2 लाख 60 हजार रुपए लिया है। विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा प्रार्थी के साथ बातचीत का ऑडियो को भी पुलिस द्वारा पेन ड्राइव में जब्त किया गया है। साथ ही बैंक स्टेटमेंट से भी लेन-देन की पुष्टि हुई है। एएसपी कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में 27 मई को चौकी सुकुलदैहान पुलिस द्वारा आरोपी प्रकाश गजभिये को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेजा गया। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि उसके विरुद्ध थाना कोतवाली राजनांदगांव में अपराध क्र. 913/23 धारा 507 भादवि का मामला भी दर्ज होना पाया गया है।


