राजनांदगांव
कांग्रेस ने प्रेस कान्फ्रेंस कर लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 मई। एसआईआर की आड़ में वोट चोरी करने का आरोप कांग्रेसियों ने लगाया। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि इस मामले में निर्वाचन आयोग की भूमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने प्रेसवार्ता में कहा कि एसआईआर को लेकर निरंतर शिकायत प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का कहा सच हो रहा है कि वोट चोरी का सिस्टम भाजपा सरकार और निर्वाचन आयोग ने मिलकर बना लिया है।
भाजपा को जहां सरकार नहीं आने का भय सता रहा है, वहां एसआईआर में कांग्रेस विचाराधारा के लोगों का नाम काटा जा रहा है। बताया गया कि मतदाता सूची को लेकर किए गए एसआईआर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस समर्थित लोगों के नाम काटने का मामला सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव मेहुल मारू और उनकी पत्नी का नाम एसआईआर में काटे जाने के बाद शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रेस कान्फें्रस की गई। प्रेसवार्ता में बताया गया कि एसआईआर की आड़ में वोट चोरी की जा रही है। कांग्रेस द्वारा निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाते इस मामले में सवाल उठाया।
प्रेसवार्ता में कहा गया कि कार्यकर्ताओं के नाम काटे जाने का मामला सामने आने के बाद उन्होंने नंदई, बसंतपुर क्षेत्र की मतदाता सूची का अवलोकन किया तो यहां कुछ परिवार के सदस्यों का नाम मृत्यु बताकर काट दिया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव मेहुल मारू ने बताया कि एसआईआर में उनका नाम और उनकी पत्नी का नाम काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों के नाम मतदाता सूची में जानबूझकर काटे गए हैं।


