राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मई। शहर कांग्रेस के पूर्व महामंत्री हेमंत ओस्तवाल ने महापौर से मांग की है कि महापौर निधि से मस्ती की पाठशाला के लिए स्थाई व्यवस्था की जाए। प्रतिवर्ष महापौर निधि 1 करोड़ 25 लाख के लगभग शासन से प्राप्त होती है। श्री ओस्तवाल ने महापौर मधुसूदन यादव से मांग करते कहा कि जिस तरह खेल गतिविधियों और शारीरिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से आम जनता के लिए महापौर मधुसूदन यादव द्वारा मस्ती की पाठशाला का आयोजन सप्ताह में एक दिन रविवार को निर्धारित किया है, उसे उसी चौपाटी स्थल पर पुष्प वाटिका जो कई एकड़ क्षेत्र में उजाड़ हो रही है, उस क्षेत्र में स्थाई मस्ती की पाठशाला का आयोजन कराया जाए।
साथ ही निगम सीमा के सभी वर्गों के लोगों को ध्यान में रखते शासकीय जमीन, नजूल, राजगामी एवं निगम की जगहों को चिन्हांकित कराते हर 10 वार्ड के बीच में एक-एक जगह स्थाई मस्ती की पाठशाला का स्थाई निर्माण और उसमें सम्पूर्ण जो सुविधाएं अभी जैसे डीजे, लाऊड स्पीकर, टैंट आदि किराए से लेकर की जा रही है, उसकी जगह महापौर निधि से यह संपूर्ण सुविधाएं एक-एक क्षेत्र में कराते तत्काल महापौर निधि से प्रथम पुष्प वाटिका रानीसागर चौपटी क्षेत्र से लगे क्षेत्र में करने की घोषणा तत्काल करें।


