राजनांदगांव

फैक्ट्री की प्लास्टिक कचरों से नाला का अस्तित्व खतरे में
26-May-2026 4:18 PM
फैक्ट्री की प्लास्टिक कचरों से नाला का अस्तित्व खतरे में

 गठुला स्थित अमर शहीद एग्रो कारखाना की प्लास्टिक और अन्य कचरों से अटा पड़ा नाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 मई। नदी-नालों की सुरक्षा को ताक में रखकर शहर से सटे गठुला नाला को एक फैक्ट्री प्रबंधन ने कचरा फेंकने का ठिकाना बना लिया है। प्लास्टिक एवं अन्य कचरों को नाला में फेंककर  पर्यावरण को सीधे तौर पर हानि पहुंचाई जा रही है। इस मामले को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ गठुला के नागरिकों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर जिला उद्योग महाप्रबंधक शानू वर्गीस ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि उक्त विषय की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

मिली जानकारी के मुताबिक गठुला स्थित अमर शहीद एग्रो कारखाने में खाद्य सामग्रियां तैयार की जाती है। लंबे समय से फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट  पदार्थों को नाले में फेंका जा रहा है। स्थिति यह बन गई है कि पूरा नाला प्लास्टिक की थैलियों और अपशिष्ट पदार्थों से अटा पड़ा है। गठुला नाला के संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

फैक्ट्री मालिक की ओर से इस मामले को लेकर लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। नाला के संवर्धन को लेकर कंपनी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, बल्कि नाला को दूषित करने की दिशा में कंपनी की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। जबकि कंपनी को सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत वृक्ष और अन्य कार्य करने के लिए सामने आना चाहिए। इससे परे कंपनी सीधे तौर पर नाला में कचरा फेंककर पर्यावरण को क्षति पहुंचा रही है।

फैक्ट्री प्रबंधन को कई बार क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी भी दी है। बताया जा रहा है कि प्लास्टिक की बड़ी बोरियों को फेंकने से नाला का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। आने वाले दिनों में बारिश होने से नाला का बहाव भी कचरों के चलते प्रभावित होगा। बहरहाल अमर शहीद एग्रो कंपनी द्वारा नाला को कचरा पाटने का एक अस्थाई जगह बना लिया गया है।


अन्य पोस्ट