राजनांदगांव

बकरीद पर्व पर होगी विशेष नमाज
26-May-2026 4:07 PM
बकरीद पर्व पर होगी विशेष नमाज

 28 को मनेगी ईद-उल-अजहा त्यौहार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मई।
बलिदान और त्याग के प्रतीक ईद-उल-अजहा यानी बकरीद आगामी 28 मई को परंपरागत रूप से मनाई जाएगी। पर्व की तैयारी को लेकर जामा मस्जिद के सदर रईस अहमद शकील और अन्य पदाधिकारी व्यापक स्तर पर जुटे हुए हैं।

मौसम के मिजाज के अनुसार ईदगाह मैदान अथवा मस्जिदों में विशेष नमाज अता की जाएगी। बकरीद को कुर्बानी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। कुर्बानी को अल्लाह का हुक्म मानकर मुस्लिम बंधु शरिअत के दायरे में रहकर सादगी और सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हैं। इस पर्व को हज और उसके साथ जुड़ी हुई पद्धति हजरत इब्राहिम और उनके परिवार द्वारा किए गए कार्यों को प्रतिकात्मक तौर पर दोहराने का भी नाम है।
इधर शहर के मठपारा स्थित ईदगाह मैदान मुस्लिम धर्मावलंबी नमाज अता करेंगे। मौसम विपरीत होने की स्थिति में नमाज को मस्जिदों में भी अता किया जा सकता है। हाजी रईस अहमद शकील ने कहा कि कुर्बानी अल्लाह की रजा के लिए की जाती है। इसे किसी भी तरह के सार्वजनिक असुविधा का कारण न बनने दें। उन्होंने समुदाय के नाम अपनी अपील में निम्न बिंदुओं पर विशेष जोर दिया कुर्बानी केवल घरों या प्रशासन द्वारा तय स्थानों पर ही करें सडक़ों, गलियों या सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी न की जाए। सोशल मीडिया पर कुर्बानी की तस्वीरें या वीडियो पोस्ट करने से परहेज करें, सफाई का विशेष ध्यान रखें, कुर्बानी का हिस्सा जरूरतमंदों तक आदब और सलीके से पहुंचाएं,  कानून व प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें, हर हाल में समाज के अन्य धर्मों की भावनाओं का सम्मान करें।

श्री शकील ने बताया कि उर्दू महीने जिल-हिज्जा के चांद की शरई तस्दीक के बाद और बारिश के मौसम को देखते ईद-उल-अजहा की नमाज 28 मई को मनाई जाएगी व सभी मस्जिदों में ईदुल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। शाहे मदीना मस्जिद शांतिनगर, नूरी मस्जिद कन्हारपुरी, नूरी मस्जिद गौरीनगर, मोती मस्जिद तुलसीपुर, हनफी मस्जिद गोलबाजार, जामा मस्जिद पठानपारा, अल अजीज मस्जिद इंदामरा में विशेष नमाज ईदुल अजहा की अदा की जाएगी।


अन्य पोस्ट