राजनांदगांव

प्रचंड गर्मी से आग बरसने जैसे बने हालात
24-May-2026 9:27 PM
प्रचंड गर्मी से आग बरसने जैसे बने हालात

सडक़ें सूनी, रात-दिन चल रही हीट-वेव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई।
जिले में पड़ रही रिकार्डतोड़ गर्मी ने आग बरसने जैसे हालात बना दिए हैं। सूर्य के तीखे तेवर की मार को झेलना लोगों के लिए असहनीय साबित हो रहा है। समूचे जिले में अलसुबह के बाद कुछ घंटों के लिए बाजार और गली-मोहल्लों में चहल-पहल की स्थिति देखी जा रही है।

दोपहर से पहले ही सडक़ें सूनी हो रही है। रात-दिन चल रही हीट-वेव ने  लोगों को बीमार करना शुरू कर दिया है। लू की थपेड़ों को झेलने में कमजोर लोग सेहत को लेकर चिंतित हो गए हैं। बताया जा रहा है कि न सिर्फ राजनांदगांव, बल्कि छत्तीसगढ़ में प्रचंड गर्मी पडऩे के कारण लोगों की दिनचर्या सीमित हो गई है। सुबह के वक्त ही पारा लुढक़ा रहता है। इसके बाद आग उगलते हुए सूरज लोगों पर कहर बरपा रहा है।
इधर बढ़ते तापमान के साथ ही सूर्य की चुभन को झेलने की स्थिति लोगों में साफतौर पर नहीं रह गई है।  दोपहर से शाम 5 बजे तक गर्म हवाओं के कारण आवाजाही सडक़ों में सीमित रह गई है। इस बीच दोपहर में अल्ट्रावायलेट (यूवी) का रेडियेशन भी लोगों के चेहरे और त्वचा को नुकसान पहुंचा रहा है। इस रेडियेशन से लोगों के चेहरे और त्वचा के रंग काले हो रहे हैं।

माना जा रहा है कि यह काफी खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। रेडियेशन की वजह से लोगों को चेहरे ढंकने और धूप से बचने की बार-बार चिकित्सक नसीहत दे रहे हैं। इस बीच राजनांदगांव में तापमान 45 डिग्री पार हो गया है। जिले में इस साल गर्मी ने तमाम रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। राजनांदगांव में दशकों बाद प्रचंड गर्मी के कारण मौसम कहर बनकर टूट पड़ा है। पिछले दो-तीन दिनों से उत्तर-पश्चिम से लगातार आ रही गर्म हवाओं ने पूरे जिले को अपने जद में लिया है।
 बताया जा रहा है कि विदर्भ और मध्यप्रदेश के अलावा पश्चिमी छत्तीसगढ़ी के हिस्सों में गर्म हवाओं का एक सिस्टम तैयार हो गया है। इसका असर राजनांदगांव पर बुरी तरह से बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन प्रचंड गर्मी पडऩे का अंदेशा जाहिर किया है।  बताया जा रहा है कि पठारी इलाकों में भी गर्मी पूरे शबाब पर है। वनांचलों में भी गर्म हवाओं के मार से मौसम उबाल मार रहा है। मैदानी हिस्सों के अलावा जंगल हिस्सों में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। उधर व्यापारिक कामकाज भी भीषण गर्मी की मार से सिमटा हुआ है। सुबह 11 बजे तक ही व्यापारिक गतिविधियां  नजर आ रही है और उसके बाद शाम 6 बजे के बाद व्यापार में गति दिख रही है।


अन्य पोस्ट