राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई। राजनांदगांव पुलिस महकमे का एक जवान रविवार सुबह उस वक्त सडक़ हादसे का शिकार हो गया, जब रास्ते में फैले जियो फाइबर के तार से वह फंसकर बाइक समेत नीचे गिर गया। हादसे में जवान को गंभीर चोट पहुंची है।
बताया जा रहा है कि आरक्षक के सिर में गंभीर चोट पहुंचने से वह लहुलुहान हो गया। इसके अलावा गले में भी तार फंसने से गंभीर चोट पहुंची है। शहर के एक निजी अस्पताल में आरक्षक का इलाज चल रहा है। इस संबंध में रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि जवान का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी महकमे को मिली है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस लाइन में पदस्थ राजकुमार बंजारे रोज की तरह सुबह गणना में शामिल होने के बाद 18 एकड़ स्थित अपने आवास लौट रहा था। इस बीच 18 एकड़ के पास सडक़ में फैले केबल में वह बाइक समेत फंस गया। इस वजह से वह गिर गया और उसे गंभीर चोट पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरक्षक के सिर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोट पहुंची है। गले में भी तार से वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। मौके पर वह लहुलुहान स्थिति में मिला। बताया जा रहा है कि राजकुमार बंजारे पूर्व में चिखली और लालबाग थाना में पदस्थ था। हाल ही में उसे एसपी अंकिता शर्मा ने लाइन अटैच किया था।


