राजनांदगांव
योजनाओं से हितग्राहियों को किया लाभान्वित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 मई। राज्य शासन की मंशानुरूप सुशासन तिहार के अंतर्गत गुरुवार को जिला प्रशासन का अमला जिले के छुरिया के ग्राम गोडलवाही में क्लस्टर के 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान एवं शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने पहुंचा। ग्राम पंचायत गोडलवाही में 15 ग्राम पंचायत अरजकुंड, बडग़ांव, बरबसपुर, गिदर्री, गोडलवाही, गुण्डरदेही, उमरवाही, कलडबरी, कांपा, करमरी, महरूम, मासुलकसा, परेवाडीह, रानामटिया और रतनभाट के ग्रामीणों के लिए जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए तथा मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में अतिथियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 9 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं 15 हितग्राहियों को नया राशन कार्ड, 11 हितग्राहियों को नया जॉब कार्ड, 10 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति तथा 3 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 2 बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत 20 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी गई तथा 11 स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मूंग बीज वितरण किया गया। बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्वय सहायता समूह को 6 लाख रुपए का ऋण वितरण किया गया।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 5 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किया गया। मत्स्य पालन विभाग द्वारा युवा मछुआ महकारी समिति मर्यादित रतनभांट को मछली पकडऩे हेतु जाल एवं आईस बॉक्स प्रदान किया गया। गोडलवाही क्लस्टर के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा नन्हे बच्चों की माताओं को सुपोषण किट प्रदान कर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि सुशासन तिहार संवाद से समाधान का प्रभावी माध्यम है, जहां ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण शासन-प्रशासन द्वारा सीधे शिविर स्थल पर किया जा रहा है। अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में 62 स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभागवार समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्रशांत ठाकुर, गोपाल सिंह भुआर्य, जैमुन बाई कंवर, हरिलाबाई चन्द्रवंशी ने भी संबोधित किया। शिविर में बिरम मण्डावी,विश्वास कुमार, विजय कोठारी, होरीलाल साहू सहित 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


